- मरी माता चौराहे पर अंजनेश शुक्ला ने भव्य बर्थडे मनाया, समर्थकों की भीड़ से ट्रैफिक जाम.
- क्रेन से लाइट वाला पोस्टर हवा में टांगकर आतिशबाजी की.
- शादी में 70 लाख के पटाखे फोड़ने और खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में घुसने पर भी हुआ था विवाद.
मध्य प्रदेश के इंदौर से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला (Indore MLA Golu Shukla) अपने बेटे अंजनेश शुक्ला को लेकर फिर चर्चा में आ गए हैं. कभी शादी में 70 लाख रुपये की आतिशबाजी तो कभी गर्भगृह में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित होने बावजूद खजराना गणेश मंदिर में पत्नी के साथ एक-दूसरे को वरमाला पहनाना हो. यह चर्चाएं काफी विवादित रही थीं, लेकिन अब उन्होंने नया विवाद खड़ा कर दिया है.
अंजनेश शुक्ला ने बीते दिनों इंदौर के मरी माता चौराहे पर भव्य अंदाज में जन्मदिन मनाया था. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग और समर्थक जुटे थे. इससे चौराहे पर आवाजाही प्रभावित हुई और जाम की स्थिति भी बन गई.
बर्थडे पर क्रेन मंगाकर की आतिशबाजी
इसके चलते मरी माता चौराहे और आसपास के मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया. वाहन चालकों को जाम और धीमी रफ्तार का सामना करना पड़ा. बर्थडे सेलिब्रेशन का अब वीडियो भी वायरल हो गया तो लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए. जश्न के दौरान क्रेन भी मंगाई गई थी, जिससे विधायक के बेटे का लाइट जलने वाला पोस्टर हवा में टंगवाया. फिर उसके ऊपर से आतिशबाजी भी चलवाई थी.
सार्वजनिक स्थान पर इतनी भीड़ के साथ मनाया जश्न
विधायक गोलू शुक्ला के बेटे का जन्मदिन सार्वजनिक स्थान पर बड़े स्तर पर मनाए जाने को लेकर अब सवाल भी उठ रहे हैं. गौरतलब है कि विधायक गोलू शुक्ला अपने बेटों को लेकर पहले भी चर्चाओं में रहे हैं. अब अजनेश के जन्मदिन के भव्य आयोजन और इसके कारण बनी ट्रैफिक स्थिति का मामला एक बार फिर चर्चा में है.
इन दो वजह से चर्चा में आए थे अंजनेश
अंजनेश शुक्ला पहले शादी में हुई आतिशबाजी को लेकर चर्चा में आए थे. पिछले साल 11 दिसंबर को विधायक गोलू शुक्ला के बेटे अंजनेश शुक्ला की शादी हुई थी और दावा किया गया था कि आतिशबाजी में 70 लाख रुपये के पटाखे फोड़े गए थे. इसके अलावा, शादी के कुछ दिनों बाद इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में प्रतिबंध के बाद भी नवविवाहित दंपती ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई. इसका वीडियो भी चर्चा में आया था.
ये भी पढ़ें- MP: देर रात बस में लगी भीषण आग, अफरा-तफरी के बीच खिड़कियां तोड़कर बाहर कूदे यात्री; बचाई जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं