- कार्डियक अरेस्ट के बाद कोमा में थे ज्ञानेंद्र, अब AIIMS में चल रहा इलाज
- MP सरकार की पहल से दुबई में फंसे मरीज को मिला नया जीवन का सहारा
- परिवार ने सरकार का किया धन्यवाद
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के रहने वाले ज्ञानेंद्र तिवारी को दुबई में हार्ट अटैक आने के बाद गंभीर हालत में एयर एम्बुलेंस से भारत लाया गया है. 15 अक्टूबर को कार्डियक अरेस्ट के बाद वह कोमा में चले गए थे और पिछले तीन सप्ताह से अधिक समय से दुबई के अस्पताल में भर्ती थे. उनकी हालत को लेकर परिवार लगातार चिंतित था. केंद्र सरकार, मध्य प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बाद उन्हें स्पेशल एयर एम्बुलेंस से नई दिल्ली लाया गया.
दुबई में चला लंबा इलाज
अनूपपुर निवासी ज्ञानेंद्र तिवारी को 15 अक्टूबर को दुबई में अचानक दिल का दौरा पड़ा था. इसके बाद उन्हें वहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया. गंभीर स्थिति के कारण वह कोमा में चले गए और कई सप्ताह तक अस्पताल में इलाज चलता रहा. विदेश में लंबा इलाज चलने और मरीज की गंभीर स्थिति के कारण परिवार उनकी सुरक्षित भारत वापसी को लेकर चिंतित था.
ऐसे भारत लाया गया
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक मध्य प्रदेश सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ज्ञानेंद्र तिवारी को भारत लाने की पहल की. इसके लिए सीएम ने पीएम ऑफिस से भी बात की थी. कई स्तरों पर प्रशासनिक और सरकारी प्रयासों के बाद आखिरकार मरीज को एयर एम्बुलेंस से भारत लाने की व्यवस्था की गई. इसके बाद ज्ञानेंद्र तिवारी को विशेष एयरलिफ्ट करके दुबई से भारत लाया गया. भारत पहुंचने के बाद उन्हें सीधे नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया. जहां अब उनका ट्रीटमेंट विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है.
परिवार ने क्या कहा?
ज्ञानेंद्र तिवारी के रिश्तेदार देवेंद्र तिवारी ने कहा कि परिवार उनकी वापसी को लेकर लगातार चिंतित था. उन्होंने कहा कि ज्ञानेंद्र तिवारी का इलाज अब देश में संभव हो पाया है. ज्ञानेंद्र की भारत वापसी से परिवार को बड़ी राहत मिली है और अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो यही उम्मीद कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें : मां के इलाज पर खर्च हुए 1.75 करोड़, जंग ने तोड़ी भारतीय परिवार की कमर, दुबई में फंसे बेबस बेटे ने सुनाई कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं