विज्ञापन

सिंहस्थ महाकुंभ से बदलेगा उज्जैन, होटल-होम स्टे के लिए 10 लाख में 3 लाख सब्सिडी देगी मोहन यादव सरकार, दंगवाड़ा-रुणीजा, गजनी खेड़ी गांवों तक फायदा

Simhastha 2028 Hotel Homestay Business: होटल या होमस्‍टे तैयार कीजिए, सरकार भी देगी पैसे, जो कमाई होगी, वो आपकी. सिंहस्थ 2028 से पहले उज्जैन में होटल बनाने पर 30% तक अनुदान मिलेगा. सरकार 16,500 होटल कमरे तैयार करने की योजना पर काम कर रही है.

सिंहस्थ महाकुंभ से बदलेगा उज्जैन, होटल-होम स्टे के लिए 10 लाख में 3 लाख सब्सिडी देगी मोहन यादव सरकार, दंगवाड़ा-रुणीजा, गजनी खेड़ी गांवों तक फायदा
उज्जैन में होटल बनाइए, सरकार देगी 30% तक सब्सिडी!
Source: NDTV Graphics/Canva

Ujjain Hotel Investment Subsidy: मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार सिंहस्थ महाकुंभ 2028 से पहले उज्जैन की तस्‍वीर बदलने वाली है. सरकार इसे धार्मिक आयोजन के साथ-साथ पर्यटन और कारोबार के बड़े अवसर के रूप में विकसित करने की तैयारी में है. उज्जैन में करोड़ों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए होटल और होमस्टे की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. सरकार चाहती है कि आम लोग, कारोबारी और छोटे निवेशक भी इस तैयारी का हिस्सा बनें. इसलिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने 30% तक अनुदान देने का ऐलान किया है. 

उज्जैन में होटल या होमस्‍टे बनाने में अगर आपके 10 लाख रुपये खर्च होने वाले हैं तो इनमें से 3 लाख रुपये सरकार देगी. पर्यटन विकास निगम की ओर से होटल या होमस्‍टे निर्माण पर 30 फीसदी राशि सब्सिडी के तौर पर दी जाएगी. सीएम डॉ यादव ने होटल कारोबारियों से उज्जैन में नए होटल बनाने की अपील की है.

गांवों तक फायदा, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर 

सरकार की योजना सिर्फ शहर में ठहरने की क्षमता बढ़ाने तक सीमित नहीं है. 118 किलोमीटर लंबे पंचकोशी मार्ग के पड़ावों को पर्यटन ग्राम के तौर पर विकसित किया जाएगा. इसके अलावा उज्जैन जिले के दंगवाड़ा-रुणीजा, गजनी खेड़ी जैसे कुछ गांवों को भी ग्रामीण पर्यटन से जोड़ने की तैयारी है. इससे सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं को ठहरने के ज्यादा विकल्प मिल सकते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं.

होटल बनाने के लिए ऐसे मिलेगी सरकारी मदद

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उज्जैन में इंदौर और उज्जैन के प्रमुख होटल कारोबारियों के साथ मीटिंग कर निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की. उन्होंने कारोबारियों को सिंहस्थ 2028 की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए होटल निर्माण में आगे आने को कहा. इसी पर उन्‍होंने ऐलान किया कि पर्यटन विकास निगम की ओर से 30% सब्सिडी दी जाएगी. 

निवेशकों को सरकारी प्रक्रियाओं में परेशानी न हो, इसके लिए होटल कारोबार से जुड़ी मंजूरी और NOC उपलब्ध कराने के लिए विशेष सेल बनाया जाएगा. इस व्यवस्था के जरिए कारोबारियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर लगाने के बजाय जरूरी अनुमतियां एक ही जगह मिल सकेंगी.

मुख्यमंत्री ने साफ किया कि सिंहस्थ की तैयारियों को देखते हुए होटल निर्माण और उससे जुड़े कामों में देरी नहीं होनी चाहिए. सरकार का प्रयास है कि निजी क्षेत्र की भागीदारी से शहर में ठहरने की सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो.

Latest and Breaking News on NDTV

2016 का डेटा- होटलों में 570 कमरे, इसे 16,500 तक पहुंचाना है  

उज्जैन में होटल सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता में है. मुख्यमंत्री के मुताबिक, वर्ष 2016 में शहर में होटल के कमरों की संख्या करीब 570 थी. इसे 2028 तक बढ़ाकर 16,500 करने का लक्ष्य रखा गया है.

सिंहस्थ 2028 में 30 से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है. इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने पर आवास, भोजन और दूसरी पर्यटन सुविधाओं की मांग भी बढ़ेगी. ऐसे में केवल सरकारी इंतजामों से जरूरत पूरी करना मुश्किल हो सकता है. सरकार निजी होटल कारोबारियों और समाज की भागीदारी बढ़ाकर इस चुनौती से निपटना चाहती है.

पंचकोशी यात्रा के रास्ते में बनेंगे पर्यटन ग्राम

उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंचकोशी यात्रा भी अहम है. इसी को ध्यान में रखते हुए 118 किलोमीटर लंबे पंचकोशी मार्ग के सभी पड़ावों को पर्यटन ग्राम के रूप में विकसित करने की घोषणा की गई है.

इसके साथ दंगवाड़ा, रुणीजा और गजनी खेड़ी जैसे गांवों को ग्रामीण पर्यटन से जोड़ने की योजना है. इन इलाकों में होमस्टे को बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि पर्यटक और श्रद्धालु स्थानीय परिवेश में ठहर सकें. इससे गांवों में रहने वाले लोगों को होमस्टे, खानपान और अन्य पर्यटन गतिविधियों के जरिए कमाई का मौका मिल सकता है.

शिप्रा किनारे 30 किमी लंबे घाट बनाने की तैयारी

सिंहस्थ के दौरान स्नान की व्यवस्था को लेकर भी विकास कार्य किए जा रहे हैं. उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए करीब 30 किलोमीटर लंबे घाट तैयार किए जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि सिलारखेड़ी योजना के माध्यम से सिंहस्थ के दौरान शिप्रा नदी के पानी से स्नान कराने की व्यवस्था पर काम हो रहा है. उनके मुताबिक, वर्ष 2027 के बाद उज्जैन का बदला हुआ स्वरूप दिखाई देने लगेगा.

धार्मिक आयोजन के साथ पर्यटन कारोबार पर भी नजर

सिंहस्थ 2028 को लेकर उज्जैन में तैयारियां कई स्तरों पर चल रही हैं. एक तरफ घाट और स्नान की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, तो दूसरी तरफ होटल, होमस्टे और ग्रामीण पर्यटन में निजी निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है.

सरकार की रणनीति है कि सिंहस्थ के लिए तैयार होने वाला इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर, आयोजन के बाद भी शहर और आसपास के इलाकों के पर्यटन कारोबार के काम आए. होटल निर्माण पर सब्सिडी, मंजूरियों के लिए विशेष सेल और पंचकोशी मार्ग पर पर्यटन ग्राम विकसित करने की योजनाओं को इसी दिशा में उठाए जा रहे कदमों के रूप में देखा जा रहा है.

यह भी पढ़ें | MP में किन 35 हजार कर्मचारियों को और कब से मिलेगा बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता? 18 हजार पेंशनभोगियों को भी एरियर लाभ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ujjain Simhastha 2028, Hotel Business, Hotel Businessman News, CM Mohan Yadav, CM Mohan Yadav News Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com