Lucknow LDA Housing Scheme: अपना एक घर हो, ये भला कौन नहीं चाहता! लेकिन ऊंची कीमतें देख, सबके लिए ये संभव नहीं होता. खास तौर से लोअर मिडिल क्लास परिवारों के लिए. ऐसे में कई बार सरकार की ओर से ऐसी स्कीम्स आती हैं कि जो आपका ये सपना सच कर सकती हैं. जैसे कि PM आवास योजना. फिलहाल हम लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की किफायती आवास योजना के बारे में बता रहे हैं. अपना घर खरीदने का सपना देख रहे कम आय वाले परिवारों के लिए ये शानदार मौका हो सकता है.
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत लखनऊ के शारदा नगर एक्सटेंशन, बिजनौर रोड स्थित वागेश्वरी अपार्टमेंट में 312 वन बीएचके (1BHK) फ्लैट आवंटित किए जाएंगे. इनकी कीमत 8.99 लाख रुपये रखी गई है. केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की कुल 2.50 लाख रुपये की आर्थिक मदद के बाद पात्र लाभार्थियों को फ्लैट के लिए 6.50 लाख रुपये देने होंगे.
इस योजना में आवेदन के लिए 5,000 रुपये की बुकिंग राशि जमा करनी होगी. रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 26 नवंबर 2026 तय की गई है. फ्लैट का आवंटन लॉटरी के जरिए होगा. यानी आवेदन करने भर से मकान मिलना तय नहीं है.
9 लाख का फ्लैट 6.50 लाख रुपये में कैसे मिलेगा?
वागेश्वरी अपार्टमेंट के हर फ्लैट की कुल कीमत 8,99,000 रुपये है. इस पर केंद्र सरकार की ओर से 1.50 लाख रुपये और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से 1 लाख रुपये की सब्सिडी मिलेगी. इस तरह कुल 2.50 लाख रुपये की सरकारी मदद के बाद लाभार्थी को 6.50 लाख रुपये देने होंगे.
हालांकि, फ्लैट की कीमत के अलावा कुछ अतिरिक्त शुल्क भी चुकाने होंगे. इनमें निर्धारित मूल्य का 1% कॉर्पस फंड, 1% मेंटेनेंस फंड और 1% जीएसटी शामिल है. इसलिए वास्तविक खर्च 6.50 लाख रुपये से अधिक होगा.
5,000 रुपये में बुकिंग, लॉटरी के बाद कितना देना होगा?
योजना के लिए आवेदन करते समय 5,000 रुपये रजिस्ट्रेशन राशि जमा करनी होगी. अगर लॉटरी में नाम निकलता है तो आवंटन पत्र जारी होने के बाद लाभार्थी को तय देय राशि का 25% जमा करके अनुबंध कराना होगा.
शेष 75% रकम 84 मासिक किस्तों में चुकाई जा सकेगी. ये अवधि सात साल की होगी और किस्तों पर 7% ब्याज लगेगा. किस्त जमा करने में देरी होने पर 9% साधारण ब्याज देना होगा.
वहीं, लॉटरी में जिन आवेदकों का चयन नहीं होगा, उन्हें 5,000 रुपये की रजिस्ट्रेशन राशि एक महीने के भीतर बिना ब्याज RTGS के जरिए वापस कर दी जाएगी.
वागेश्वरी अपार्टमेंट में कितना बड़ा होगा फ्लैट?
इस योजना के तहत सभी 312 फ्लैट 1BHK श्रेणी के होंगे. हर फ्लैट का कारपेट एरिया 40.25 वर्ग मीटर तय किया गया है. यूनिट प्लान में एक बेडरूम, एक लिविंग रूम, किचन, अलग बाथरूम और वॉशरूम के साथ दो बालकनी दी गई हैं.

कौन कर सकता है आवेदन? ये हैं जरूरी शर्तें
LDA की योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक को कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी.
- आवेदक भारत का नागरिक और लखनऊ के शहरी क्षेत्र का निवासी होना चाहिए.
- आवेदन करने वाले की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए.
- आवेदक या उसके परिवार के नाम पर देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए.
- परिवार की सालाना आय 3 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए.
- आय प्रमाणपत्र तहसील से जारी होना चाहिए और रजिस्ट्रेशन शुरू होने की तारीख से छह महीने से अधिक पुराना नहीं होना चाहिए.
योजना के नियमों के मुताबिक, मकान परिवार की महिला मुखिया या पति-पत्नी के संयुक्त नाम पर आवंटित किया जाएगा.
लॉटरी से होगा आवंटन, 10% वेटिंग लिस्ट भी बनेगी
फ्लैट का आवंटन सीधे आवेदन के आधार पर नहीं होगा. पहले डिस्ट्रिक्ट अर्बन डेवलपमेंट एजेंसी (DUDA) और स्टेट अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (SUDA) की ओर से आवेदकों का सत्यापन किया जाएगा. इसके बाद मैनुअल लॉटरी के जरिए फ्लैट आवंटित किए जाएंगे.
योजना में 10% वेटिंग लिस्ट भी बनाई जाएगी. जिन आवेदकों का चयन होगा, उन्हें भारत सरकार के पोर्टल पर बायोमेट्रिक सत्यापन कराना जरूरी होगा.
फ्लैट मिलने के बाद 5 साल तक नहीं बेच सकेंगे
वागेश्वरी अपार्टमेंट अभी निर्माणाधीन है. योजना के मुताबिक, निर्माण दो साल में पूरा करने का लक्ष्य है. कब्जा मिलने के बाद लाभार्थी को कम से कम पांच साल तक फ्लैट में खुद रहना होगा. इस अवधि में फ्लैट बेचने पर रोक रहेगी. पांच साल बाद ही लीज डीड की प्रक्रिया होगी.
LDA ने भुगतान को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी है. प्राधिकरण के मुताबिक, किसी भी बैंक खाते में सीधे पैसे नहीं भेजने चाहिए. योजना से जुड़े सभी भुगतान केवल आधिकारिक पोर्टल के जरिए ही करने होंगे.
मेट्रो, रेलवे स्टेशन और अस्पताल से कितनी दूर है प्रोजेक्ट?
वागेश्वरी अपार्टमेंट शारदा नगर एक्सटेंशन में बिजनौर रोड पर बन रहा है. इसकी कनेक्टिविटी बिजनौर रोड, वीआईपी रोड और किसान पथ से है.

प्रोजेक्ट में लिफ्ट, पावर बैकअप, बिजली की सुविधा, ग्रीन पार्क, बच्चों के खेलने की जगह, पार्किंग, बाउंड्री गेट और गार्ड रूम जैसी सुविधाएं देने की योजना है. LDA की ये योजना कम आय वाले उन परिवारों के लिए मौका है, जो लखनऊ में अपना घर खरीदना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें | नोएडा में हर साल 10 प्रतिशत बढ़ी 1BHK की कीमत, ओनर बोला- 5 साल बाद मिल रहे लगभग डबल पैसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं