- मौसम वैज्ञानिक AK सिंह के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून MP में पूरी तरह सक्रिय.
- MP के 23 जिलों में भारी बारिश और 9 जिलों में मूसलाधार/अति भारी बारिश का अलर्ट.
- बारिश के चलते सतर्क रहें और जरूरी हो तभी बाहर निकलें.
Rain Alert in Madhya Pradesh: मानसून का असर पर पूरे मध्य प्रदेश में देखने को मिल रहा है, जिस वजह से मौसम विभाग ने 23 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा 9 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट है. राज्य में अब तक 6.4 इंच पानी गिर चुका है. ज्यादातर जिलों में रविवार को भी बारिस का दौर जारी रहा. उधर, पांढुर्णा जिले में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई. इसलिए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी है. वहीं, मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि मानसून राज्य में कब तक सक्रिय रहेगा.
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के 23 जिलों में अति भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी है. इनमें सागर, दमोह, बैतूल, देवास, अलीराजपुर, उमरिया, सिवनी, छिंदवाड़ा और अनूपपुर में अति भारी बारिश का यानी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
यहां भारी बारिश का अलर्ट
रतलाम, उज्जैन, धार, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, गुना, नर्मदापुरम, नरसिंहपुर, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और पन्ना में भारी बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा ग्वालियर, भिंड, मुरैना, शिवपुरी, रीवा, सीधी, शहडोल, खरगोन, खंडवा और भोपाल में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश की संभावना है.
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, मध्य प्रदेश के मौसम वैज्ञानिक एके सिंह ने बताया कि प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है. इसके चलते अगले कुछ दिनों में झाबुआ और अलीराजपुर समेत पश्चिमी जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है.
कब तक एक्टिव रहेगा मानसून
राज्य में मानसून अभी कितने दिनों तक एक्टिव रहेगा? इसके जवाब देते हुए उन्होंने बताया कि मानसून का जो माह है, वह जून, जुलाई, अगस्त और सितंबर तक होता है. ऐसे में अगर मानसून के एक्टिव रहने की बात है तो यह सितंबर तक सक्रिय रहेगा. हालांकि, जैसे अभी मानसून पूरी तरह से एक्टिव है तो बीच-बीच में क्या होता है कि ये टोटल मानसून ट्रफ के पोजीशन पर डिपेंड करता है, तो हो सकता है कि कुछ दिन बाद मानसून ब्रेक ले सकता है और उसके बाद फिर से ये एक्टिव हो सकता है.
उन्होंने बताया कि हम जो मौसम संबंधित भविष्यवाणी देते हैं, वह अगले 5 दिनों का ही देते हैं कि कहां तेज बारिश होगी और कहां अत्यधिक तेज बारिश होगी. इसी के आधार पर हम लोगों को मौसम की जानकारी देते रहेंगे. उन्होंने बताया कि राज्य में मानसून अभी पूरी तरह से एक्टिव है, लेकिन बीच में ब्रेक लेगा तो इसकी सूचना हम देते रहेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं