विज्ञापन

पहली बारिश में ही दिल्ली बेहाल, 15 फ्लाइट्स डायवर्ट; द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी असर

दिल्ली में मॉनसून की पहली झमाझम बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, लेकिन कई जगह पानी भरने से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी है. तेज हवा और बारिश के कारण दिल्ली में 15 उड़ानों का रूट डायवर्ट किया गया है, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय और दस घरेलू उड़ानें शामिल हैं.

पहली बारिश में ही दिल्ली बेहाल, 15 फ्लाइट्स डायवर्ट; द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी असर
मॉनसून की पहली भारी बारिश में राजधानी बेहाल
  • दिल्ली में मॉनून की पहली झमाझम बारिश से उमस भरी गर्मी में राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया है
  • बारिश के कारण द्वारका एक्सप्रेसवे के अंडरपास में पानी भरने से ट्रैफिक जाम की समस्या भी देखी गई
  • तेज हवा के कारण दिल्ली में 15 उड़ानों को रूट डाइवर्ट करना पड़ा, जिनमें अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों उड़ानें

दिल्‍ली में मॉनसून की पहली झमाझम बारिश से जहां, उमस भरी गर्मी से राहत मिली है. वहीं, जगह-जगह पानी भरने से कई जगह जाम की स्थिति देखने को मिल रही है. बारिश के दौरान द्वारका एक्सप्रेसवे के अंडरपास में पानी भरने से यहां जाम लग गया, जिसका असर द्वारका एक्‍सप्रेसवे पर भी देखने को मिला. दिल्ली में बारिश के साथ तेज हवा भी चल रही है, जिसके कारण कुल 15 उड़ानों का रूट डाइवर्ट करना पड़ा है. इनमें 5 अंतरराष्ट्रीय और 10 घरेलू उड़ानें शामिल थीं. खराब मौसम की वजह से इन उड़ानों को जयपुर और लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया. मौसम सामान्य होने के बाद उड़ानों को उनके निर्धारित गंतव्य के लिए रवाना किया जाएगा. बताया जा रहा है कि दिल्‍ली में भारी बारिश के दौरान मिंटो ब्रिज, ओखला औद्योगिक क्षेत्र, तुगलकाबाद, पुल प्रह्लादपुर और बायो डायवर्सिटी पार्क में पानी भर गया.

Latest and Breaking News on NDTV

मॉनसून की पहली बारिश में ही बेहाल दिल्‍ली 

दिल्‍ली मॉनसून की पहली ही बारिश में बेहाल नजर आ रही है. दिल्‍ली में मॉनसून ने 2 जुलाई को दस्‍तक दी थी. तब से इंतजार किया जा रहा था कि कब झमाझम बारिश होगी. बीते कुछ दिनों से दिल्‍लीवासी भयंकर उमस का सामना कर रहे थे. बारिश होने से दिल्‍ली का मौसम अब सुहावना हो गया है. हालांकि, ये उम्‍मीद नहीं की जा रही थी कि ऐसी झमाझम बारिश हो जाएगी, जिससे जगह-जगह पानी भर जाएगा. 

दिल्‍ली में अगले कुछ दिन होगी झमाझम बारिश

दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून इस बार पांच दिन की देरी से दो जुलाई को दिल्ली पहुंचा है. लेकिन मॉनसून की स्थिति कमजोर रहने की वजह से पिछले कुछ दिनों से दिल्लीवासियों को मॉनसून की तेज बारिश का इंतजार था. भारत मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, 01 जून से 03 जुलाई के बीच दिल्ली में औसत से 49% कम बारिश रिकॉर्ड की गई. सरकारी आकड़ों के मुताबिक, 01 जून से 03 जुलाई के बीच दिल्ली में औसतन 75.1 mm बारिश रिकॉर्ड की जाती है, लेकिन इस साल इन 33 दिनों के दौरान दिल्ली में सिर्फ 38.2 mm बारिश रिकॉर्ड की गई है. भारत मौसम विभाग के ताज़ा पूर्वानुमान रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 6-8 जुलाई के दौरान काफी ज्‍यादा से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है. उम्मीद है कि इससे दिल्ली में मॉनसून की बारिश में कमी की कुछ भरपाई हो सकेगी.

ये भी पढ़ें :-दिल्‍ली-मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट, जानें- यूपी, हरियाणा समेत अन्‍य राज्‍यों में कैसा रहेगा मौसम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Rain, Weather Updates, IMD Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com