छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 48 घंटे तक भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. रायपुर समेत 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है, जहां लगातार तेज बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बनने की आशंका जताई है. वहीं कई अन्य जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिन प्रदेश के कई इलाकों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं.
10 जिलों में रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने रायपुर, दुर्ग, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, बेमेतरा, महासमुंद, बालोद, धमतरी, गरियाबंद और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बहुत तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है. प्रशासन को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
प्रदेश के कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर और दंतेवाड़ा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में भी तेज बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. निचले क्षेत्रों में जलभराव और छोटी नदियों-नालों के उफान पर आने की संभावना बनी हुई है.
कई जिलों के लिए येलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर और जशपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है. हालांकि यहां रेड या ऑरेंज अलर्ट जैसी गंभीर स्थिति नहीं बताई गई है, लेकिन मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की अपील की है.
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे नहीं जाने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें भी निगरानी बनाए हुए हैं. यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा तो कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं