उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में उस वक्त अजीब स्थिति बन गई, जब एक युवक फिल्म ‘पुष्पा राज' के अंदाज में साड़ी और महिलाओं के गहने पहनकर दर्शन करने पहुंच गया. हैरानी की बात यह रही कि जहां मंदिर परिसर में फोटोग्राफी सख्त मना है, वहीं युवक आराम से वीडियो बनाता रहा और सुरक्षाकर्मी उसे रोकने के बजाय उसके साथ सेल्फी लेते नजर आए. वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन में हड़कंप मच गया है.
बताया जा रहा है कि युवक साड़ी-ब्लाउज पहनकर, पैरों में पायजेब, गले में नींबू की माला, कानों में टॉप्स, नाक में नथ और हाथों में चूड़ियां पहनकर मंदिर पहुंचा. उसका यह अलग अंदाज वहां मौजूद लोगों के लिए हैरानी का कारण बन गया.
सुरक्षा के बीच VIP की तरह मिला प्रवेश
मानसरोवर गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने युवक को रोकने की बजाय उसके साथ फोटो खिंचवाए. इसके बाद एक कर्मचारी उसे वीआईपी श्रद्धालु की तरह अंदर लेकर गया और गणेश मंडपम तक दर्शन कराए. इस दौरान युवक लगातार वीडियो रिकॉर्डिंग करता रहा.
प्रतिबंध के बावजूद बनाई वीडियो
मंदिर परिसर में फोटोग्राफी और वीडियो बनाना पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद युवक ने न सिर्फ वीडियो शूट किया बल्कि उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अपलोड भी कर दिया. वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से फैल गया.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दर्शन के लिए कतार में खड़े श्रद्धालु युवक के इस अनोखे रूप को देखकर हैरान नजर आ रहे थे. कई लोग उसे उत्सुकता से देखते रहे, जबकि कुछ ने इसे मंदिर की व्यवस्था पर सवाल उठाने वाला बताया.
मामले के बाद कर्मचारियों पर कार्रवाई
मामला उजागर होने के बाद मंदिर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है. मंदिर प्रशासक के अनुसार यह वीडियो 5 फरवरी का है और सामने आने के बाद संबंधित सुपरवाइजर को हटा दिया गया है. प्रशासन ने साफ कहा है कि मंदिर की मर्यादा के खिलाफ इस तरह की हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी.
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
गौरतलब है कि इससे पहले भी मंदिर में रिंग सेरेमनी का वीडियो वायरल हुआ था. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने मंदिर की सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं