कटनी में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा ओवरब्रिज के पास यात्री बस और हाइवा की जोरदार टक्कर में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए हैं. हादसा इतना जबरदस्त था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई. गंभीर रूप से घायल यात्रियों का इलाज जारी है, वहीं इस घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी गहरा दुख जताया है.
तेज टक्कर ने ली तीन जानें
यह हादसा उस समय हुआ जब विजयराघवगढ़ से कटनी की ओर आ रही बस लमतरा ओवरब्रिज के पास पहुंची. इसी दौरान सामने से आ रहे हाइवा से उसकी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया. हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 यात्री घायल हो गए.
घायल अस्पताल में भर्ती, दो की हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया गया. घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक दो यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद परिजनों में चिंता और अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल है.
पुलिस ने शुरू की जांच
कलेक्टर आशीष तिवारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे की वजह क्या रही.
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने इसे बेहद पीड़ादायक घटना बताते हुए मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह खबर बेहद दुखद है और पूरा प्रदेश इस दुख की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है.
मृतकों के परिजनों को सहायता का ऐलान
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान की जाए. साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों के इलाज में किसी प्रकार की कोई कमी न रहे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं