मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक कारोबारी को रेप के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपये की कथित उगाही करने का मामला सामने आया है. दिलचस्प ये है कि शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जाल बिछाया और होटल में पैसे के लेनदेन के दौरान ही युवती को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, युवती कारोबारी पर लगातार दबाव बनाकर रकम वसूलने की कोशिश कर रही थी. आरोपी युवती के साथ उसके साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
ब्लैकमेल कर मांग रही थी 10 लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार युवती मूल रूप से उमरिया जिले की रहने वाली है और पेश से डांसर है.
रकम नहीं देने पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था. कारोबारी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि युवती उसके घर तक पहुंच गई थी और परिवार के सामने भी विवाद खड़ा कर रही थी. इससे परेशान होकर उसने पुलिस से मदद मांगी.
होटल कदंब ट्री में बिछाया गया ट्रैप
शिकायत की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप लगाया. पुलिस को सूचना मिली थी कि दमोह नाका स्थित होटल कदंब ट्री में पैसों का लेनदेन होने वाला है. इसी सूचना पर टीम होटल पहुंची और जैसे ही युवती ने पैसे लिए पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया. पुलिस ने युवती के बैग की तलाशी ली तो उसमें से करीब 2 से 3 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई. नकदी को जब्त कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
अकेली थी या गैंग का हिस्सा, जांच शुरू
मामले की जांच कर रही पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित ब्लैकमेलिंग की इस पूरी साजिश में युवती अकेली शामिल थी या उसके साथ कोई और भी काम कर रहा था. पुलिस उसके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है.शुरुआती जानकारी में युवती के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज होने की बात सामने आई है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पुराने रिकॉर्ड और दूसरी चीजों की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: 'तिलक लगाओ, आरती करो... बहन-बेटियों को भी लाओ', गरबा पर BJP विधायकों के बयानों से बवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं