इंदौर से साइबर फ्रॉड से जुड़ी एक बड़ी और हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है. तमिलनाडु के लोकप्रिय अभिनेता और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (थलपति विजय) के नाम व उनके फाउंडेशन का इस्तेमाल कर साइबर ठग इंदौर के लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं. इस पूरे मामले को लेकर इंदौर क्राइम ब्रांच और साइबर सेल में करीब आधा दर्जन शिकायतें दर्ज की गई हैं.
पुलिस के अनुसार, साइबर ठग लोगों को फोन कर खुद को थलपति विजय के फाउंडेशन का कर्मचारी बताते हैं. इसके बाद लोगों को कॉल पर बिजनेस लोन, एजुकेशन लोन, स्टार्टअप लोन और विदेश में पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देते हैं. इसके बाद ठग पीड़ितों के मोबाइल पर एक लिंक भेजकर रजिस्ट्रेशन करवाते हैं और फिर GST, प्रोसेसिंग फीस और अन्य शुल्कों के नाम पर ऑनलाइन रकम ऐंठ लेते हैं.
तमिलनाडु पुलिस के संपर्क में इंदौर पुलिस
करीब आधा दर्जन शिकायतें सामने आने के बाद इंदौर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फर्जी कॉल करने वाले आरोपियों और उनके गिरोह के बारे में तमिलनाडु पुलिस को भी जानकारी भेजी गई है. दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर इस साइबर नेटवर्क को खंगाल रही है.
पुलिस का साइबर अलर्ट
इंदौर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि तमिलनाडु के सीएम विजय या उनके किसी फाउंडेशन के नाम से आने वाले अनजान कॉल पर आंख मूंदकर भरोसा न करें. किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपनी बैंक डिटेल या OTP किसी के साथ साझा करें. नाम बड़ा हो तो सावधानी भी बड़ी रखें, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही आपके बैंक खाते को खाली कर सकती है.
CJP की बैठक में भारी हंगामा, छात्रों ने लगाए नारे- 'यह दिल्ली नहीं भोपाल है'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं