विज्ञापन

एसपी ऑफिस के पीछे चल रही थी कट्टा फैक्ट्री, गानों की आवाज में बनते थे हथियार; भिंड में पिता-पुत्र गिरफ्तार

भिंड में एसपी ऑफिस के पास अवैध कट्टा फैक्ट्री का भंडाफोड़. पुलिस ने 10 देशी कट्टे, कारतूस और हथियार बनाने का सामान जब्त कर पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया.

एसपी ऑफिस के पीछे चल रही थी कट्टा फैक्ट्री, गानों की आवाज में बनते थे हथियार; भिंड में पिता-पुत्र गिरफ्तार
भिंड में एसपी ऑफिस के पास अवैध कट्टा फैक्ट्री का भंडाफोड़, पिता-पुत्र गिरफ्तार

Bhind Illegal Gun Factory Busted: भिंड शहर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्ट्रेट से कुछ ही दूरी पर अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का खुलासा होने से हड़कंप मच गया है. देहात थाना क्षेत्र के दुर्गा नगर में संचालित इस फैक्ट्री में आरोपी पिता-पुत्र गानों की तेज आवाज में देशी कट्टे तैयार करवाते थे, ताकि मशीनों की आवाज बाहर न जा सके. पुलिस ने छापेमारी कर 10 देशी कट्टे, जिंदा कारतूस और हथियार बनाने का भारी सामान बरामद किया है. इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय अवैध हथियार नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि कुछ अन्य फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है.

घनी आबादी में चल रही थी अवैध फैक्ट्री

भिंड के दुर्गा नगर इलाके में पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि यहां अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा है. यह इलाका एसपी ऑफिस और कलेक्ट्रेट के बेहद करीब होने के कारण मामला और भी गंभीर हो गया है. सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की.

Bhind Illegal Gun Factory Busted: अवैध हथियारों की फैक्ट्री

जांच जारी है : एसपी भिंड

भिंड एसपी सूरज कुमार वर्मा ने कहा, "लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर के अंदर अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं. टीम बनाकर कार्रवाई की गई, जिसमें मौके से 10 देशी कट्टे और हथियार बनाने का सामान बरामद हुआ है. दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है. प्रारंभिक जांच में अंतर्राज्यीय नेटवर्क के संकेत मिले हैं, जिसे लेकर आगे जांच की जा रही है.'

Bhind Illegal Gun Factory Busted: एसपी जानकारी देते हुए

गानों की आवाज में छुपता था हथियार निर्माण

जांच में सामने आया कि आरोपी बेहद चालाकी से हथियार बनाने का काम करते थे. वे फैक्ट्री में तेज आवाज में गाने बजाते थे, ताकि ग्राइंडर, हथौड़े और मशीनों की आवाज आसपास के लोगों तक न पहुंचे. इस तरीके से उन्होंने लंबे समय तक अपने गैरकानूनी कारोबार को जारी रखा.

छापेमारी में मिला हथियारों का जखीरा

नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन राजपूत के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मकान पर दबिश दी. कार्रवाई के दौरान मौके से 6 तैयार और 4 अधबने 315 बोर के देशी कट्टे, 2 जिंदा कारतूस (315 बोर) और 3 कारतूस (12 बोर) बरामद किए गए. इसके अलावा भट्टी, ग्राइंडर मशीन, पाइप, स्प्रिंग, रेतनी और हथौड़े जैसे उपकरण भी बड़ी मात्रा में जब्त किए गए.

Bhind Illegal Gun Factory Busted: फैक्ट्री के अंदर का दृश्य

पिता-पुत्र गिरफ्तार, कारीगर फरार

पुलिस ने मौके से फैक्ट्री संचालक राजू उर्फ राजकुमार राजावत और उसके पुत्र दीपू राजावत को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि हथियार बनाने वाले दो कारीगर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है. पूछताछ में खुलासा हुआ कि कारीगर उत्तर प्रदेश से बुलाए जाते थे.

Bhind Illegal Gun Factory Busted: गिरफ्तार आरोपी

अंतर्राज्यीय नेटवर्क की आशंका

आरोपियों ने बताया कि तैयार कट्टों को 15 से 20 हजार रुपये में बेचा जाता था. पुलिस को शक है कि यह गिरोह मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के कई जिलों में हथियार सप्लाई कर रहा था. गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क के और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार पिता-पुत्र पहले से कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं. इन पर अवैध हथियार निर्माण, तस्करी, हत्या के प्रयास, डकैती की योजना और गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज हैं. इसके बावजूद वे शहर के बीचों-बीच अपना नेटवर्क चला रहे थे.

पुलिस की संगठित कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी शिवप्रताप राजावत, बरोही थाना प्रभारी अतुल भदौरिया, नयागांव थाना प्रभारी वैभव तोमर और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस ने तकनीकी और मुखबिर दोनों इनपुट के आधार पर यह ऑपरेशन सफलतापूर्वक अंजाम दिया.

जांच जारी, नेटवर्क का विस्तार खंगाल रही पुलिस

पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है. माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से भिंड सहित आसपास के जिलों में अवैध हथियारों की सप्लाई पर बड़ा असर पड़ेगा.

यह भी पढ़ें : जेल में जज, कुर्सी पर बरकरार; CBI गिरफ्तारी के 15 दिन बाद भी गिरिबाला सिंह पद पर काबिज, MP सरकार असमंजस में

यह भी पढ़ें : 6 साल की उम्र से क्रिकेट के प्रति जिद, जुनून और मेहनत; अब अंडर-19 टीम के कप्तान बने यशवर्धन सिंह चौहान

यह भी पढ़ें : लाड़ली बहना की 37वीं किस्त 14 जून को केसली से जारी करेंगे CM मोहन, ₹350 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात भी

यह भी पढ़ें : 375 साल पुरानी पाक कला; कबीरधाम में मिलीं 38 दुर्लभ पांडुलिपियां, भगवद्गीता से शिलालेख तक का उल्लेख

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Illegal Gun Factory, Bhind News, MP News, Crime News, Illegal Arms
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com