मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में थार (Thar) का तांडव देखने को मिला है. मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित फॉर्चून सोम्या हेरिटेज कॉलोनी में तेज रफ्तार थार कार ने 10 से ज्यादा कारों को जोरदार टक्कर मारी, जो उस समय कॉलोनी की सड़क पर खड़ी हुई थीं. यह कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं.
बताया जा रहा है कि उस समय कार अनियंत्रित हो गई थी और चालक थार में ही था. इस घटना से कॉलोनी के रहवासी हैरान रह गए.
बाल-बाल बचे रहवासी
वाहनों को रौंदने, टक्कर मारने के बाद चालक कॉलोनी का मुख्य दरवाजा तोड़कर मौके से फरार हो गया. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है. गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त मौके पर कोई पैदल राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और रहवासी बाल-बाल बच गए.
कई कारें क्षतिग्रस्त हुईं
थार कार जब कॉलोनियों की गलियों में तेज रफ्तार में घूम रही थी और अन्य कारों को टक्कर मारते हुए भाग रही थी, तभी कॉलोनी के रहवासी आवाज सुनकर घरों से बाहर आए. मौके पर हालात देखकर वह दहशत में आ गए. कई लोगों की कारें थार की टक्कर के बाद क्षतिग्रस्त हो गई थी.
उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मिसरोद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल पर लगे सभी सीसीटीवी फुटेज को खंगाला. फुटेज से कार की पहचान की जा रही है और चालक की तलाश शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें- Mahindra ने की ऑफर्स की बरसात! Bolero-Scorpio से Thar तक पर भारी छूट, 2.5 लाख तक का फायदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं