बिहार के नवादा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां सात माह की गर्भवती महिला को घर में बैठे रहने के दौरान सांप ने हाथ में काट लिया. सांप को सामने देखकर महिला शोर मचाने लगी. इसी बीच उसका देवर मौके पर पहुंचा और सांप को पकड़ लिया. मामला बिहार के नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र के सिरपतिया गांव का है. घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है. सांप के काटने के बाद परिजन महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान महिला के देवर पप्पू कुमार ने सांप को पकड़ लिया.
20 किलोमीटर तक हाथ में पकड़े रहा सांप
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पप्पू कुमार जिंदा सांप को हाथ में पकड़कर करीब 20 किलोमीटर दूर नवादा अस्पताल पहुंच गया. अस्पताल पहुंचने पर हाथ में सांप पकड़े युवक को देखकर वहां मौजूद लोग भी चौंक गए. कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई.

हॉस्पिटल में इलाजरत महिला.
Photo Credit: NDTV
हालांकि पप्पू कुमार बिना घबराए सांप को पकड़े रहा. उसका पूरा ध्यान अपनी गर्भवती भाभी के इलाज पर था. अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में रजनी देवी का इलाज शुरू किया गया.
डॉक्टरों की निगरानी में गर्भवती महिला का इलाज
रजनी देवी सात माह की गर्भवती हैं. सांप के काटने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया. सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने उनकी जांच और इलाज शुरू किया. फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. इलाज के बाद पप्पू कुमार ने सांप को एक डिब्बे में सुरक्षित रखा. परिजनों के मुताबिक, बाद में उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की बात कही गई.
सांप काटने की घटना से जुड़ी ये वीडियो भी देखें-
सांप पकड़कर अस्पताल पहुंचने की चर्चा
घटना के बाद अस्पताल में पप्पू कुमार के हाथ में जिंदा सांप होने की चर्चा होने लगी. लोगों के लिए यह इसलिए भी हैरानी की बात थी क्योंकि सांप को पकड़कर करीब 20 किलोमीटर तक ले जाना जोखिम भरा था. नवादा के पूर्व सीएस डॉ विमल प्रसाद सिन्हा ने कहा कि सांप को पकड़ने की कोशिश करना बेहद जोखिमपूर्ण हो सकता है. सांप के काटने की स्थिति में पीड़ित को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना चाहिए और सांप को पकड़ने या उसके करीब जाने से बचना चाहिए.
यह भी पढ़ें - घर से आने वाली इन 4 चीजों की गंध से खींचे चले आते हैं सांप, आज ही कर दें साफ
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं