- 22 अगस्त को हमीदिया अस्पतास गायब हुई थी स्कूटी.
- 2 सितंबर को रोशनपुरा पर रेड लाइट जंप का ई-चालान का मैसेज पीड़िता के फोन पर आया.
- फोटो देख नीलू साहू हो गई हैरान, खाकी वर्दी पहने कोई महिला चला रही थी स्कूटी.
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से चोरी का अजीबोगरीब मामला सामने आया है. सरकारी अस्पताल की नर्सिंग ऑफिसर की चोरी हुई स्कूटी पर खाकी पहने एक महिला फर्राटा भरते हुए दिखाई दी है. इसकी पोल तब खुली, जब ई-चालान का मैसेज पीड़िता नर्सिंग ऑफिसर के मोबाइल पर आया. ई-चालान का मैसेज देखकर पीड़िता के होश उड़ गए.
दरअसल, हमीदिया अस्पताल की नर्सिंग ऑफिसर नीलू साहू 22 अगस्त को ड्यूटी पर गई थीं. उन्होंने अस्पताल में स्कूटी पार्क की थी. जब वह अपनी ड्यूटी खत्म करके लौटीं तो स्कूटी गायब थी.
स्कूटी में रखा था काफी सामान
स्कूटी की डिग्गी में उनका मोबाइल, पेन ड्राइव, SBI का ATM कार्ड और कार की डिजिटल चाबी भी रखी हुई थी, जिससे उनको बहुत नुकसान हो गया. उन्होंने आसपास स्कूटी को ढूंढा, लेकिन कहीं नहीं मिली. थक-हारकर नीलू ने कोहेफिजा थाने में चोरी की एफआईआर दर्ज कराई.
ई-चालान देख उड़ गए होश
पुलिस ने स्कूटी की तलाश शुरू की, लेकिन ढूंढ नहीं पाई. पीड़िता नीलू साहू तब हैरान रह गई, जब उसके पास 2 सितंबर को ई-चालान का मैसेज आया. उसी से पूरी पोल खुल गई, जिसमें बताया जा रहा है कि उसकी स्कूटी रेड लाइट पार करते हुए दिख रही है. उसे फोटो भी भेजा गया था, जो रोशनपुरा क्रॉशिंग पर लगे सीसीटीवी कैमरे से लिया गया था.
पुलिस की जगह ई-चालान ने स्कूटी की पता बता दिया. फोटो में दिख रहा था कि स्कूटी कोई और नहीं, बल्कि खाकी वर्दी पहने महिला चला रही है. इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को फिर मामले की जानकारी दी.
पुलिस खाकी वर्दी वाली का पता कर रही
कोहेफिजा थाना प्रभारी लोकेंद्र सिंह ने इसकी पुष्टि भी की है. उन्होंने बताया कि चोरी हुई स्कूटी और ई-चालान वाली स्कूटी एक ही है. पुलिस अब रोशनपुरा चौराहे के CCTV खंगाल रही है और पता लगा रही है कि महिला असली पुलिसकर्मी है या फर्जी वर्दी पहनकर चेकिंग से बच रही थी.
ये भी पढ़ें- Reel देखते समय इंटरनेट बंद हुआ तो महिला ने पिया जहर, इलाज के दौरान मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं