- रील देखते-देखते नेट बंद हो गया था, फिर गुस्से में मोबाइल पटका.
- मंगलो बाई ने कमरे में बंद होकर कीटनाशक पिया.
- परिजनों ने बताया- पहले से थी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां.
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां मोबाइल पर रील देखते समय नेटवर्क नहीं होने पर इंटरनेट बंद होने से नाराज एक महिला ने कीटनाशक का सेवन कर लिया. गंभीर हालत में महिला को पहले करतला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मामला करतला थाना क्षेत्र के केराकछार गांव का बताया जा रहा है. मृतका की पहचान मंगलो बाई के रूप में हुई है. परिजनों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलो बाई मोबाइल पर रील देख रही थी. इसी दौरान इंटरनेट बंद हो गया. बताया जा रहा है कि नेटवर्क नहीं चलने से वह काफी नाराज हो गई.
गुस्से में मोबाइल पटका
गुस्से में उसने पहले मोबाइल पटक दिया और बाद में खुद को कमरे में बंद कर लिया. कुछ समय बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी और वह उल्टी करने लगी. परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका हुई.
बताया जा रहा है कि उल्टी के दौरान कीटनाशक की तेज गंध आने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई. इसके बाद परिजन तत्काल महिला को इलाज के लिए करतला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे.
जिला अस्पताल में चल रहा था इलाज
महिला की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए कोरबा जिला अस्पताल रेफर कर दिया. जिला अस्पताल में महिला का इलाज जारी था, लेकिन उनकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मृतका मंगलो बाई केराकछार गांव की रहने वाली थी. पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है.
पुलिस ने क्या कहा?
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि महिला को मोबाइल देखने की आदत थी और घटना के समय वह मोबाइल चला रही थी. इसी दौरान मोबाइल का नेटवर्क बंद हो गया, जिससे वह नाराज हो गई. CSP प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, महिला ने कीटनाशक का सेवन किया था. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है.
महिला बीमारी से भी थी परेशान
मृतका के परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि मंगलो बाई को कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थी. हाथ और पैर में सूजन की समस्या रहती थी, जिसका इलाज भी कराया, लेकिन राहत नहीं मिल पाई. बताया जा रहा है कि बीमारी और लगातार स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण भी महिला मानसिक रूप से परेशान रहती थी. ऐसे में पुलिस घटना के पीछे के सभी कारणों की जांच कर रही है.
मनोवैज्ञानिक डॉक्टर ने मोबाइल की अत्यधिक लत को बताया चिंताजनक
इस घटना के बाद मोबाइल और इंटरनेट की बढ़ती लत को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. मनोवैज्ञानिक डॉक्टर अंकित गुप्ता का कहना है कि अत्यधिक समय तक मोबाइल में व्यस्त रहना और किसी चीज के अचानक बंद होने पर जरूरत से ज्यादा गुस्सा या बेचैनी महसूस होना चिंता का विषय हो सकता है. उन्होंने बताया कि कुछ लोगों में अत्यधिक और अचानक गुस्से की समस्या देखने को मिल सकती है.
हालांकि, हर व्यक्ति में इसका कारण एक जैसा नहीं होता और किसी भी मानसिक स्थिति का आकलन विशेषज्ञ द्वारा ही किया जाना चाहिए. डॉक्टर अंकित गुप्ता ने लोगों, विशेषकर युवाओं और बच्चों को मोबाइल का सीमित उपयोग करने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि परिवार के साथ समय बिताना, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियों में शामिल होना मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहतर है.
ये भी पढ़ें- इंस्टाग्राम रील का जुनून पड़ा भारी, 30 फीट ऊंचाई से पानी में कूदा, चट्टान पर गिरते ही दोनों पैर टूटे, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं