मध्य प्रदेश के गुना जिले में तीन शव मिलने सनसनी फैल गई. एक शव रविवार को एक मकान में मिला था, फिर सोमवार को दो और शव मिले, जो मकान के पास में दूसरे कमरे में थे. शवों को पता तब चला जब लोगों को बदबू आने लगी थी और पुलिस को सूचना देकर कमरा खुलवाया. जब शव मिले तो वह सड़ चुके थे.
इनमें दो शव पुरुष के हैं और एक महिला का है. अब यह मामला एक संदिग्ध मौत से बढ़कर ट्रिपल मर्डर मिस्ट्री में बदल चुका है. एक ही परिसर से दो दिनों के भीतर तीन शवों का मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है.
क्या है पूरा मामला
म्याना थाना क्षेत्र के कस्बे में रविवार सुबह हनुमान मंदिर के पास रहने वाले लोगों को एक बंद मकान से तेज बदबू आ रही थी. फिर किसी ने पुलिस को सूचना दी और जब पुलिस पहुंची तो कमरे के दरवाजे पर बाहर ताला लगा था. जब ताला तोड़ा तो अंदर एक शव पड़ा था, जो काफी सड़ चुका था. मृतक की पहचान ओमप्रकाश शर्मा (60) के रूप में हुई.
शव की हालत देखकर लग रहा था कि ओमप्रकाश की 3-4 दिन पहले मौत हुई है. हालांकि, उनकी मौत सामान्य नहीं लग रही है, क्योंकि कमरे बाहर से बंद था. पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम को सौंप दिया और फिर जांच में जुट गई.
आज बगल के कमरे में मिले दो शव
दूसरे दिन सोमवार सुबह उसी मकान के पास बने दूसरे कमरे से फिर लोगों को बदबू आने लगी. कमरे से खून भी बहता दिख रहा था. जब पुलिस सूचना के बाद पहुंची तो कमरे का ताला तोड़कर अंदर गई.
अंदर का नजारा देख हर कोई हैरान रह गया था. कमरे के भीतर दो और शव पड़े थे. इनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल थे. दोनों शव काफी पुराने और सड़ चुके थे, जिसके कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी.
ओमप्रकाश की पत्नी की 5 साल पहले हुई
पांच साल पहले ओमप्रकाश शर्मा की पत्नी की मौत हो चुकी थी, जबकि उनका बेटा भोपाल में रहता है. ऐसे में दूसरे कमरे से मिले दोनों शवों की मौजूदगी रहस्य को और गहरा कर रही है.
एसपी ने क्या बताया
वहीं, घटना पर पुलिस अधीक्षक रितिका बासल भी पहुंची और मौका मुआयना किया. उन्होंने बताया कि मैं मौके पर पहुंची हूं. जांच की जा रही है वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है. फिलहाल म्याना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. शवों की पहचान कराने और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से पड़ताल की जा रही है. जब तक इस रहस्य से पर्दा नहीं उठता, तब तक म्याना का यह ट्रिपल डेथ केस इलाके की सबसे बड़ी पहेली बना रहेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं