Dog Attack in Indore: मध्य प्रदेश के इंदौर से खूंखार कुत्ते के हमले का एक खतरनाक वीडियो सामने आया है. कुत्ते ने पूरे गांव में दहशत फैला रखी है. कुत्ते के हमले में चार लोग घायल हो गए हैं. उसने एक-एक कर सभी को काटा है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्ते की आक्रामकता साफ नजर आ रही है. मामला महू इलाके में स्थित किशनगंज थाना क्षेत्र के केवटी गांव का है.
जानकारी के अनुसार, गांव में शुक्रवार को एक खतरनाक कुत्ते ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया. इस हमले में फारूक, अरमान, शाकिर और मालिक पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि कुत्ता बेहद आक्रामक था और उसने किसी की गर्दन दबोची तो किसी के पैर पर काट लिया.
भागने की बजाय कुत्ता हमला करता रहा
मौके पर मौजूद एक युवक ने प्लास्टिक की कुर्सी से कुत्ते को भगाने की कोशिश की, लेकिन कुत्ता पीछे हटने के बजाय लगातार हमला करता रहा. इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो बेहद डराने वाला है. घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत महू के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया गया और एहतियात के तौर पर एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं.
लोगों ने आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की
इस घटना के बाद पूरे गांव में डर का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और प्रशासन इस पर ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा. लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस खतरनाक कुत्ते को पकड़ा जाए और इलाके में कुत्तों की निगरानी बढ़ाई जाए.
इंदौर में डॉग बाइट का बढ़ता खतरा (Dog Bite in Indore)
- इंदौर में डॉग बाइट के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और यह अब एक बड़ी सार्वजनिक समस्या बन चुका है.
- शहर में हर महीने औसतन 4,500 से ज्यादा डॉग बाइट केस सामने आ रहे हैं.
- साल 2024 में ही 58,000 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए.
- फरवरी 2026 में सिर्फ 28 दिनों में 4,166 लोग कुत्तों का शिकार हुए .
- सरकारी अस्पतालों में रोजाना 100 से ज्यादा लोग एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंच रहे हैं.
- स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या, कचरे का सही प्रबंधन न होना और नसबंदी अभियान की धीमी रफ्तार इसके प्रमुख कारण हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं