21वीं सदी के डिजिटल दौर में नरबलि जैसी बात सुनना भी रूह कंपा देता है. लेकिन महाराष्ट्र के अकोला के रहने वाले एक युवक की संदिग्ध मौत ने ऐसे ही सनसनीखेज सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजनों का दावा है कि युवक को तंत्र-मंत्र और अघोरी विद्या के नाम पर मौत के घाट उतार दिया गया. मामला इतना संगीन है कि अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जबकि परिवार खुले तौर पर नरबलि की आशंका जता रहा है.
मृतक की पहचान अकोला निवासी हेमंत सपकाल के रूप में हुई है. आरोप है कि अघोरी विक्की शिंदे नामक शख्स हेमंत को अपने साथ इंदौर लेकर गया था. वहीं एक घर में घंटों तक तंत्र-मंत्र की क्रियाएं की गईं और उसके बाद हेमंत की मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं बल्कि नरबलि का मामला हो सकता है.
परिवार को कॉल कर बताया था
हेमंत की बहन ने दावा किया कि 15 तारीख को उसके भाई का फोन आया था. फोन पर हेमंत ने कहा था कि कुछ गुंडे उसके पीछे पड़े हैं और उसकी हत्या की जा सकती है. बहन के मुताबिक, हेमंत ने यह भी कहा था कि उसे उसी रात मार दिया जाएगा. परिवार को शक है कि उसके साथ मौजूद अघोरी ने ही उसकी जान ली और नरबलि दी.
मामले को और रहस्यमय बना रही हैं वे बातें जो मौत के बाद सामने आई हैं. परिजनों का कहना है कि शुरुआत में उन्हें बताया गया कि हेमंत पेड़ से गिर गया था, लेकिन जब उन्होंने शव देखा तो कई सवाल खड़े हो गए. हेमंत के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे. इतना ही नहीं, उसकी तीन उंगलियां भी कटी हुई मिलीं. इन्हीं परिस्थितियों ने परिवार के शक को और गहरा कर दिया.
परिवार के अनुसार, हेमंत घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने दोस्तों के साथ अमरावती जा रहा है. लेकिन बाद में उसका शव मध्य प्रदेश के इंदौर में मिला. यही वजह है कि परिजन पूरी घटना को सामान्य दुर्घटना मानने के लिए तैयार नहीं हैं.
पैसों की बारिश के 'नरबलि' की आशंका
दावा यह भी किया जा रहा है कि कथित तौर पर यह पूरी साजिश धन प्राप्ति और पैसों की ‘बारिश' कराने जैसे अंधविश्वास से जुड़ी हो सकती है. हालांकि इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं.
इस बीच अघोरी विक्की शिंदे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में वह कथित रूप से एक नींबू की पूजा करता दिखाई देता है, जबकि नींबू हवा में तैरता नजर आता है. वीडियो को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं.
महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में अंधविश्वास और जादू-टोने के खिलाफ काम करने वाली अखिल भारतीय अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति (ABANS) के प्रवक्ता पुरुषोत्तम पाटिल ने वायरल वीडियो को महज एक करतब बताया है. उनका कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाली चीजें किसी चमत्कार का प्रमाण नहीं हैं. उनके मुताबिक, नींबू का हवा में उड़ना सिर्फ एक ट्रिक हो सकती है और इसका किसी तांत्रिक शक्ति या मंत्र से कोई संबंध नहीं है.
यह भी पढ़ें: सासंद अमृतपाल सिंह को पंजाब ले जाने पहुंची पुलिस, दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मिली पैरोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं