Chhatarpur Effigy Burning, Youth Congress Workers and Policemen Burnt During Protest: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा हो गया. हादसे में एक दर्जन से ज्यादा कांग्रेस कार्यकर्ता और दो पुलिसकर्मी झुलस गए. सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
दरअसल, बिजावर के पत्रकार राकेश राय के साथ कथित मारपीट और पुलिस द्वारा फर्जी मामला दर्ज किए जाने के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन से पैदल मार्च करते हुए छत्रसाल चौराहे की ओर जा रहे थे, जहां प्रदेश सरकार का पुतला दहन किया जाना था. इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के पास ही कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की. पुलिस कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने का प्रयास कर रही थी. इस छीना-झपटी के बीच किसी ने पुतले को आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से एक दर्जन से अधिक यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता झुलस गए.
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना में पुलिस आरक्षक आशीष खरे समेत एक अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हो गया. सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है. इस मामले को लेकर प्रशासन और यूथ कांग्रेस के नेता एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं.
काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा, माथे पर त्रिपुंड, हाथों में त्रिशूल-डमरू.. पीएम मोदी की तस्वीरें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं