विज्ञापन

पालतू कुत्तों को नशीला मांस खिलाकर घर में की लाखों की डकैती, 7 महीने बाद जयपुर से मास्टरमाइंड गिरफ्तार

भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित सीनियर एडवोकेट के घर हुई लाखों रुपये की सनसनीखेज डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पालतू कुत्तों को नशीला मांस खिलाकर वारदात को अंजाम देने वाले गैंग के मास्टरमाइंड शाहरुख कुरेशी को जयपुर से गिरफ्तार किया.

पालतू कुत्तों को नशीला मांस खिलाकर घर में की लाखों की डकैती, 7 महीने बाद जयपुर से मास्टरमाइंड गिरफ्तार
  • भोपाल में सीनियर एडवोकेट के घर हुई डकैती के मास्टरमाइंड को जयपुर से गिरफ्तार किया गया है.
  • आरोपी ने पालतू कुत्तों को नशीला मांस खिलाकर वारदात के लिए रास्ता बनाया था.
  • डकैती 26 दिसंबर 2025 को एयरपोर्ट रोड स्थित पॉश कॉलोनी में हुई थी जिसमें लाखों का सामान चोरी हुआ था.

भोपाल के चर्चित सूरज नगर डकैती कांड में करीब सात महीने बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. वरिष्ठ अधिवक्ता के घर करोड़ों रुपये की डकैती को अंजाम देने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य और मास्टरमाइंड शाहरुख कुरैशी को जयपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस वारदात ने उस समय सनसनी फैला दी थी, क्योंकि बदमाशों ने घर में घुसने से पहले पालतू कुत्तों को नशीला मांस खिलाकर बेअसर कर दिया था. इसके बाद उन्होंने ताले तोड़े और नकदी, सोने-चांदी के जेवर समेत लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए थे.

सात महीने बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

भोपाल पुलिस को लंबे समय से जिस आरोपी की तलाश थी, उसे आखिरकार जयपुर से गिरफ्तार कर लिया. पकड़ा गया आरोपी 30 वर्षीय शाहरुख कुरैशी है, जिसे जयपुर के झोटवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित नांगल पुलिया इलाके से दबोचा गया. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा भी बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक वह वारदात के बाद लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था.

वरिष्ठ अधिवक्ता के घर हुई थी बड़ी डकैती

यह घटना 25 और 26 दिसंबर 2025 की दरमियानी रात की है. भोपाल के एयरपोर्ट रोड स्थित सूरज नगर कॉलोनी में रहने वाले एक वरिष्ठ अधिवक्ता के घर बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से डकैती डाली थी. आरोपियों ने पहले इलाके और घर की पूरी रेकी की, फिर रात के समय वारदात को अंजाम दिया.

कुत्तों को नशीला मांस खिलाकर घर में घुसे

जांच में सामने आया कि गिरोह ने घर की सुरक्षा में मौजूद पालतू कुत्तों को पहले नशीला मांस खिलाया, ताकि वे भौंक न सकें और किसी को भनक न लगे. इसके बाद बदमाशों ने ताले तोड़े और घर के अंदर दाखिल हो गए. वारदात के दौरान करीब 18 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान लूट लिया था.

नौकरानी समेत कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार

पुलिस जांच में कुल 19 लोगों की भूमिका सामने आई थी. मामले में घर की नौकरानी ज्योति सावले, उसकी बहन किरण, अनिल भालसे, सादिक, मोहम्मद असद, अरबाज, गोलू और लकी समेत आठ आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. जांच में पता चला था कि इन लोगों ने घर के भीतर की जानकारी और गतिविधियों से जुड़ी अहम सूचनाएं डकैतों तक पहुंचाई थीं.

जयपुर में नई वारदात की तैयारी में था शाहरुख

झोटवाड़ा पुलिस के अनुसार, 21-22 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि शाहरुख अपने फरार साथियों के संपर्क में है और जयपुर में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. तलाशी में उसके पास से अवैध हथियार मिलने पर आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है.

भोपाल का रहने वाला है आरोपी

पुलिस के अनुसार शाहरुख कुरैशी मूल रूप से भोपाल के निशातपुरा स्थित फिजा कॉलोनी का निवासी है. उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी और डकैती के कई मामले पहले से दर्ज हैं. वह पहले भी जेल जा चुका है और पुलिस रिकॉर्ड में आदतन अपराधी के रूप में दर्ज है.

अब सरगना तक पहुंचने की कोशिश

भोपाल डकैती कांड के बाद गिरोह का सरगना वाजिद अली उर्फ वज्जू समेत कई आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस को उम्मीद है कि शाहरुख से पूछताछ के बाद गिरोह के बाकी सदस्यों, लूटे गए सामान और फरार आरोपियों के ठिकानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है. जल्द ही भोपाल पुलिस उसे रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ करेगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhopal Robbery Case, Jaipur News, Robbery Accused, Madhya Paradeh News, MP Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com