Bhopal Brutality Case Update: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) की राजधानी भोपाल (Bhopal के गौतम नगर (Gautam nagar) इलाके में एक मुस्लिम युवक के साथ हुई मारपीट और उसे अर्धनग्न कर घुमाने के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. गोविंदपुरा पुलिस ने इस मामले में शामिल 7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिनमें से अब तक 2 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि आरोपियों पर धर्म विशेष के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों और भड़काऊ पोस्ट डालने वालों को भी सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि फेक वीडियो शेयर करने वालों पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वर्तमान में संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात है और शहर अलर्ट मोड पर है.
पुराने भोपाल में तनाव और पत्थरबाजी
युवक के साथ हुई बदसलूकी के बाद मंगलवार देर रात पुराने शहर में तनाव की स्थिति बन गई. इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस वाहनों पर पथराव किया और तोड़फोड़ की. इसके बाद पुलिस ने अज्ञात पत्थरबाजों के खिलाफ भी FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इसके साथ ही आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
क्या है पूरा विवाद?
यह पूरा मामला भोपाल के गौतम नगर स्थित प्राइड होटल का है. यहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती होटल में साथ हैं. इसके बाद हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने होटल में घुसकर जोड़े को कमरे से बाहर खींच लिया. फिर इन कार्यकर्ताओं ने 27 वर्षीय युवक आरिफ खान को अर्धनग्न कर उसके चेहरे पर स्याही और गाय का गोबर मलकर बीच सड़क पर उसका जुलूस निकाला. इस दौरान युवती चिल्लाकर कहती रही कि वह पिछले 5 वर्षों से युवक के साथ सहमति से Live In relationship में है, लेकिन भीड़ ने उसकी बात अनसुनी कर दी.
मुस्लिम समाज का प्रदर्शन और 'भोपाल बंद' की चेतावनी
पुलिस की कार्रवाई में देरी से नाराज मुस्लिम समाज ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय का मंगलवार को घेराव किया. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस नामजद केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर "लीपापोती" कर रही है. संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सभी नामजद आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए, तो जुमे (शुक्रवार) के दिन बड़ा आंदोलन किया जाएगा और भोपाल बंद का आह्वान किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- Bhopal News: मुस्लिम युवक से बर्बरता मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज, सड़क पर उतरे लीपापोती से नाराज लोग
विरोध प्रदर्शन के दौरान भीड़ को देखते हुए भोपाल के चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. 7 से अधिक थाना प्रभारी और एसीपी स्तर के अधिकारी मोर्चे पर तैनात किए गए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके.
भोपाल के एक होटल में घुसकर मुस्लिम युवक के साथ बर्बरता; स्याही और गोबर पोतकर निकाला जुलूस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं