विज्ञापन

भोपाल और इंदौर मेट्रो की हर यात्रा पर 25 प्रतिशत की छूट, 50 रुपये में मिलेगा NCMC स्मार्ट कार्ड

भोपाल और इंदौर मेट्रो में NCMC स्मार्ट कार्ड की सुविधा शुरू कर दी गई है. इस नई व्यवस्था के लागू होने से यात्रियों को बार-बार काउंटर पर लाइन में लगकर टिकट खरीदने की परेशानी खत्म हो जाएगी.

भोपाल और इंदौर मेट्रो की हर यात्रा पर 25 प्रतिशत की छूट, 50 रुपये में मिलेगा NCMC स्मार्ट कार्ड
Bhopal Indore Metro NCMC Card Launched
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स
  • भोपाल-इंदौर मेट्रो में NCMC कार्ड की सुविधा शुरू.
  • हर यात्रा पर किराए में 25 प्रतिशत की छूट दी जाएगी.
  • NCMC कार्ड दूसरे राज्य के मेट्रो में भी इस्तेमाल होगा.

Bhopal Indore Metro NCMC Card: मध्य प्रदेश के मेट्रो यात्रियों की यात्रा किफायती बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण शुरुआत की गई है. मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा भोपाल और इंदौर मेट्रो में नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) की सुविधा शुरू कर दी गई है. इस नई व्यवस्था के लागू होने से यात्रियों को बार-बार काउंटर पर लाइन में लगकर टिकट खरीदने की परेशानी खत्म हो जाएगी. अब वह आसानी से NCMC स्मार्ट कार्ड के जरिए यात्रा कर सकेंगे. इतना ही नहीं हर यात्रा पर 25 प्रतिशत की छूट भी दी जाएगी.

मेट्रो यात्रा के लिए NCMC कार्ड का इस्तेमाल करने पर यात्रियों को निर्धारित किराये में 25 प्रतिशत की सीधी छूट मिलेगी. हालांकि, यह छूट उन्हीं यात्राओं पर लागू होगी जिनका सामान्य किराया 20 रुपये से अधिक है.

सभी मेट्रो में NCMC कार्ड का होगा इस्तेमाल

'वन नेशन, वन कार्ड' की तर्ज पर यह एनसीएमसी कार्ड देश के अन्य प्रमुख शहरों (जैसे दिल्ली, मुंबई, नोएडा, गुरुग्राम और जयपुर) की मेट्रो सेवाओं में भी मान्य होगा, जहां यह सुविधा लागू है. इससे यात्रियों को दूसरे शहरों में जाने पर अलग से नया कार्ड लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.

50 रुपये में NCMC कार्ड

भोपाल और इंदौर के सभी मेट्रो स्टेशनों पर बने टिकट काउंटर से इस नॉन-रिफंडेबल स्मार्ट कार्ड को केवल 50 रुपये का भुगतान करके प्राप्त किया जा सकता है. कार्ड मिलने के बाद यात्री अपनी सुविधा के अनुसार इसमें बैलेंस रिचार्ज करा सकेंगे. यात्रियों की सुविधा के लिए NCMC स्मार्ट कार्ड को रिचार्ज करने के कई माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं. इसके लिए टिकट काउंटर, टिकट वेंडिंग मशील और एमपी मेट्रो मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है. 

इसके अलावा, जो यात्री स्मार्ट कार्ड का उपयोग नहीं करना चाहते, वे स्टेशनों पर लगी टिकट वेंडिंग मशीनों के जरिए मात्र 30 सेकंड में यूपीआई (UPI) भुगतान करके अपना क्यूआर (QR) टिकट प्राप्त कर सकते हैं. साथ ही, मेट्रो प्रबंधन द्वारा 31 दिसंबर 2026 तक सिंगल जर्नी, रिटर्न जर्नी, ग्रुप टिकट और ई-वॉलेट रिचार्ज पर विभिन्न विशेष प्रमोशनल छूट व बोनस भी दिए जा रहे हैं.  

यह भी पढ़ें | दिल्ली में नवंबर से जनवरी तक मुफ्त होगी बस सेवा, घट सकता है मेट्रो का किराया, सरकार जल्द लेगी बड़ा फैसला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
MP Metro, NCMC Card For All Metro, Indore Metro, Bhopal Metro, MP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com