विज्ञापन

अफीम युद्ध क्यों लड़ा गया था? जिसे लेकर KBC में वरुण ग्रोवर से पूछा गया सवाल

Opium War Explained: कौन बनेगा करोड़पति में पहुंचे वरुण ग्रोवर से अफीम युद्ध को लेकर एक सवाल पूछा गया था, जिसका जवाब वो सीधे नहीं दे पाए और हिंट देने के बाद ही उन्हें ये समझ आया. ऐसे में सवाल है कि अफीम युद्ध क्यों और किसके बीच लड़ा गया था?

अफीम युद्ध क्यों लड़ा गया था? जिसे लेकर KBC में वरुण ग्रोवर से पूछा गया सवाल
अफीम युद्ध क्यों हुआ था और इसे किसने लड़ा था

कौन बनेगा करोड़पति (KBC) का नया सीजन शुरू हो चुका है. इसके पहले एपिसोड में मशहूर लिरिक्स राइटर और कॉमेडियन वरुण ग्रोवर भी पहुंचे, जहां उन्होंने कई बातें कीं और एनजीओ के लिए लाखों रुपये भी जीते. उनके साथ इस शो में कॉमेडियन गौरव गुप्ता और गौरव कपूर भी मौजूद थे. इस दौरान अमिताभ बच्चन ने उन्हें एक सवाल पूछा, जो अफीम युद्ध से जुड़ा हुआ था. इस सवाल का जवाब देते हुए तीनों लोग थोड़े असमंजस में आ गए थे और फिर लाइफलाइन का इस्तेमाल कर आखिरकार सही जवाब मिला. ऐसे में आज हम आपको अफीम युद्ध के बारे में बताएंगे कि आखिर ये क्यों लड़ा गया था और किसके बीच ये युद्ध हुआ था. 

क्या था केबीसी का सवाल?

केबीसी में वरुण ग्रोवर और बाकी दोनों कॉमेडियन से जो सवाल पूछा गया था, उसे लेकर वरुण ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर भी वीडियो शेयर किया और बताया कि इस सवाल को सुनते ही उनकी हवाइयां उड़ गईं थीं. उन्होंने बताया कि बहुत आसान हिंट मिलने के बाद ही वो उस सवाल का जवाब दे पाए. इस सवाल में पूछा गया था - "लूटी किस तरह का जानवर था? जिसे अफीम युद्ध के दौरान मची लूट में ब्रिटिश सेना ने बीजिंग के समर पैलेस से पकड़ा था और बाद में इसे क्वीन विक्टोरिया को गिफ्ट किया गया."

क्यों हुआ था अफीम युद्ध?

ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने 1830 में भारत में अपने पैर पूरी तरह से पसार लिए थे. इसके बाद से ही भारत में पूरी सरकार और बाकी चीजें इस कंपनी के हाथों में आ गई थीं. भारत में अपना शासन चलाने के लिए ईस्ट इंडिया कंपनी को पैसों की जरूरत थी. उस वक्त इसका सबसे बड़ा सोर्स अफीम का ट्रेड था. यही वजह है कि चीन के साथ ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने ट्रेड शुरू किया, जहां ज्यादातर लोग नशे के आदी थे. उस वक्त किंग राजवंश चीन में राज करता था. 

चीन में ब्रिटेन की तरफ से लगातार अफीम भेजा जा रहा था, ऐसे में यहां के युवा पूरी तरह से नशे में डूब चुके थे और इसे रोकने के लिए चीन के शासक ने कोशिशें शुरू कर दीं. 1839 में चीन ने 1600 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर अफीम की जब्ती शुरू कर दी और ब्रिटेन से कहा कि वो उन लोगों के नाम बताए, जो उनसे अफीम खरीद रहे हैं.

इसके बाद ब्रिटेन की तरफ से चीन में ट्रेड करने वाले अधिकारी चार्ल्स एलिएट ने चीन को बातचीत करने का ऑफर दिया, लेकिन चीन ने वहां मौजूद तमाम ट्रेडर्स को गिरफ्तार कर लिया और इसी शर्त पर छोड़ने की बात कही कि वो उनका सारा अफीम चीन की सरकार को सौंपेंगे. आखिरकार ऐसा ही हुआ और हजारों किलो अफीम को नष्ट कर दिया गया. 

एक घटना ने भड़काया गुस्सा

इस घटना के ठीक एक महीने बाद कुछ अमेरिकन और ब्रिटिश व्यापारी हॉन्ग कॉन्ग के एक गांव में रुके और वहां शराब पीकर जमकर उत्पात मचाया, इस दौरान एक गांव वाले की भी हत्या कर दी गई. इसके बाद चीन ने कहा कि इन व्यापारियों को वो कड़ी सजा देगा, लेकिन ब्रिटिश सरकार ने उन्हें सौंपने से इनकार कर दिया. ब्रिटेन की कोर्ट से इन सभी को बरी भी कर दिया गया. 

इसके बाद चीन काफी नाराज हुआ और उसने ब्रिटिश व्यापारियों के लिए बंदरगाह पूरी तरह बंद कर दिया. ब्रिटेन ने भी चीन से ट्रेड करने पर रोक लगा दी.  इसके बावजूद व्यापार की कोशिश में कुछ ब्रिटिश व्यापारी जहाज लेकर चीन पहुंचने लगे, जिसके लिए ब्रिटिश सरकार को मजबूरी में अपनी सैन्य ताकत को तैनात करना पड़ा. इसी दौरान चीन और ब्रिटिश की नौसेना की आपस में लड़ाई शुरू हुई और चीन के कई जहाज डूब गए. चीन की वजह से ब्रिटेन को व्यापार में जो नुकसान हो रहा था, अब उसकी भरपाई की बारी थी. इसके बाद मई 1840 में पहला अफीम युद्ध शुरू हो गया.  

ब्रिटिश सेना ने बोला हमला

ब्रिटिश सेना ने युद्ध में जूशान पर कब्जा कर दिया, जो शांघाई जाने का रास्ता था. ये वही रास्ता था, जिसका इस्तेमाल ज्यादातर ट्रेडर्स करते थे. इसके बाद 1842 तक चीन के कई बड़े इलाकों पर ब्रिटिश सेना का कब्जा था. आखिरकार अगस्त 1942 में चीन के शासक ने हार मान ली और ब्रिटेन की तमाम शर्तों को मान लिया गया. इसमें 20 मिलियन डॉलर देने, बंदरगाहों को खोलने और ब्रिटिश नागरिकों को चीन में सजा नहीं देने जैसी शर्तें शामिल थीं. इसके साथ ही पहला अफीम युद्ध खत्म हो गया. 

ये भी पढ़ें - बीन की आवाज सुनकर क्या वाकई नाचने लगती है नागिन? जान लीजिए जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Opium War, Opium War History In Hindi, KBC Question, Varun Grover
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com