सोना (Gold) सदियों से इंसानों के लिए सबसे कीमती धातुओं में से एक रहा है. हजारों साल पुराने सोने के सिक्के, आभूषण और कलाकृतियां आज भी अपनी चमक बरकरार रखे हैं. आखिर ऐसा क्यों होता है कि हजारों सालों के बाद भी सोने की चमक फीकी नहीं पड़ती? वैज्ञानिक लंबे समय से इस सवाल का जवाब तलाश रहे थे. अब एक नए अध्ययन ने इस रहस्य से पर्दा उठा दिया है.
क्या कहती है नई रिसर्च
यह रिसर्च हुआ अमेरिका की Tulane University में. रिसर्च में शोधकर्ताओं ने पाया कि सोने की सतह पर मौजूद परमाणु (Atoms) खुद को एक विशेष पैटर्न में व्यवस्थित कर लेते हैं. यह पैटर्न एक प्राकृतिक सुरक्षा कवच (Protective Shield) की तरह काम करता है और ऑक्सीजन को सोने की सतह के साथ प्रतिक्रिया करने से रोकता है. इसी वजह से सोना आसानी से ऑक्सीकृत (Oxidize) नहीं होता और उसकी चमक लंबे समय तक बनी रहती है. अध्ययन के नतीजे Physical Review Letters जर्नल में प्रकाशित किए गए हैं.
आखिर क्यों नहीं लगता सोने पर जंग
अधिकांश धातुएं हवा और नमी के संपर्क में आने पर ऑक्सीजन के साथ प्रतिक्रिया करती हैं. इस प्रक्रिया को ऑक्सीकरण (Oxidation) कहते हैं, जिससे धातु पर जंग या धुंधलापन आ जाता है. लेकिन सोना एक Noble Metal है, यानी यह सामान्य परिस्थितियों में ऑक्सीजन और नमी के साथ बहुत कम प्रतिक्रिया करता है. नई रिसर्च के मुताबिक, इसकी सतह पर बनने वाली विशेष परमाणु संरचना ऑक्सीकरण की संभावना को और भी कम कर देती है.
क्या सभी सोने के गहने हमेशा चमकदार रहते हैं?
बाजार में मिलने वाले अधिकांश गहने 24 कैरेट शुद्ध सोने के नहीं होते. उन्हें मजबूत बनाने के लिए उनमें तांबा (Copper), चांदी (Silver) या अन्य धातुएं मिलाई जाती हैं. यही मिश्रित धातुएं समय के साथ ऑक्सीकरण का शिकार हो सकती हैं, जिससे गहनों की चमक कुछ कम दिखाई दे सकती है.
इस शोध से क्या नया पता चला
वैज्ञानिक पहले से जानते थे कि सोना अन्य धातुओं की तुलना में कम प्रतिक्रिया करता है. नई खोज यह नहीं बताती कि सोना पहली बार 'जंग नहीं खाता', बल्कि यह समझाती है कि परमाणु स्तर (Atomic Level) पर ऐसा क्यों होता है. यानी इस अध्ययन ने सोने की लंबे समय तक चमक बनाए रखने के पीछे का वैज्ञानिक कारण स्पष्ट किया है.
भारत का सबसे पुराना स्कूल कौन सा है और कहां है, 300 साल से भी ज्यादा पुराना इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं