गुजरात के सूरत में निजी लॉकर सेवाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. सिंगणपोर स्थित नक्षत्र सेफ हाउस से ग्राहकों के करीब 206 तोला सोने के आभूषण चोरी होने का खुलासा हुआ है, जिनकी अनुमानित कीमत 2.67 करोड़ रुपये बताई जा रही है. मामले की जांच में सबसे हैरान करने वाली बात यह सामने आई है कि चोरी की इस कथित साजिश का सूत्रधार कोई बाहरी गिरोह नहीं, बल्कि सेफ हाउस का संचालक और उसके अपने बेटे बताए जा रहे हैं. पुलिस के अनुसार शेयर बाजार में हुए भारी नुकसान की भरपाई के लिए ग्राहकों के लॉकरों को निशाना बनाया गया.
चोरी की खबर से सूरत में मचा हड़कंप
सिंगणपोर स्थित नक्षत्र सेफ हाउस में करोड़ों रुपये के सोने की चोरी की जानकारी सामने आते ही सूरत में हड़कंप मच गया. सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर खबर फैलते ही सिंगणपोर, वराछा और महिधरपुरा स्थित नक्षत्र सेफ हाउस की शाखाओं पर बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचने लगे. लोग अपने लॉकर खोलकर यह देखना चाहते थे कि उनका सामान सुरक्षित है या नहीं. कई शाखाओं के बाहर लंबी कतारें लग गईं. कुछ ग्राहकों को लॉकर संचालन में तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ा, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई. स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालनी पड़ी. जिन ग्राहकों ने अपने लॉकर खोले, उनमें से कई लोग कीमती गहने और नकदी तुरंत अपने साथ ले गए.

Surat Locker Scam: आरोपी संचालक और उसके बेटे
सेफ हाउस संचालक और बेटों पर गंभीर आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि यह कोई सामान्य चोरी नहीं थी, बल्कि लंबे समय से चल रही एक सुनियोजित साजिश हो सकती है. मामले में नक्षत्र सेफ हाउस के संचालक महेश दियारा, उनके बेटे हर्ष दियारा और हरिकृष्ण दियारा तथा मणिलाल नामक एक सहयोगी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि इन लोगों ने ग्राहकों की अनुपस्थिति में डुप्लीकेट चाबियों का इस्तेमाल कर लॉकर खोले और उनमें रखे सोने के आभूषण निकाल लिए. बाद में इन गहनों को बाजार में बेचकर नकदी जुटाई जाती रही.
करीब एक साल से चल रहा था खेल
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक साथ बड़ी चोरी करने के बजाय अलग-अलग समय पर जरूरत के मुताबिक लॉकर खोलकर गहने निकालने की रणनीति अपनाई. जांच में यह भी सामने आया है कि यह कथित गतिविधि लगभग एक साल से जारी थी. इससे ग्राहकों को लंबे समय तक किसी गड़बड़ी का पता नहीं चल पाया. अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर चोरी की रकम और प्रभावित लॉकरों की संख्या बढ़ सकती है.
एक शिकायत से खुला पूरा मामला
इस पूरे घोटाले का खुलासा डभोली रोड निवासी रमेशभाई जीवराजभाई वाघाणी की शिकायत के बाद हुआ. परिवार ने वर्ष 2020 में अपनी पत्नी के नाम पर नक्षत्र सेफ हाउस में लॉकर लिया था. परिवार का दावा है कि 8 मई 2026 को लॉकर में रखे सभी गहने सुरक्षित थे. लेकिन जुलाई में जब वे एक पारिवारिक कार्यक्रम के लिए जेवर निकालने पहुंचे तो अधिकांश सोने के आभूषण गायब मिले. लॉकर में केवल कुछ गहने ही बचे हुए थे. संदेह होने पर परिवार ने सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की. आरोप है कि कुछ फुटेज दिखाने के बाद प्रबंधन ने रिकॉर्ड दिखाना बंद कर दिया और हार्ड डिस्क का डेटा डिलीट होने की बात कहकर मामला टालने का प्रयास किया.
3 करोड़ के शेयर बाजार नुकसान की भरपाई?
डीसीपी राघव जैन के अनुसार पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी हर्ष दियारा ने स्वीकार किया कि शेयर बाजार में उसे लगभग 3 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था. पुलिस का दावा है कि इसी घाटे की भरपाई के लिए ग्राहकों के लॉकरों को निशाना बनाने की कथित योजना बनाई गई. जांचकर्ताओं के अनुसार डुप्लीकेट चाबियां तैयार कर कम से कम छह लॉकरों को खोला गया और उनमें रखे बहुमूल्य आभूषण निकाले गए.
चारों आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही डीवीआर, डिजिटल रिकॉर्ड और लॉकर संचालन से जुड़े उपकरणों को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या नक्षत्र सेफ हाउस की अन्य शाखाओं में भी इसी तरह की घटनाएं हुई हैं.
लॉकर सुरक्षा पर उठे बड़े सवाल
इस घटना ने निजी लॉकर सेवाओं की विश्वसनीयता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है. जिन लोगों ने अपने जीवनभर की बचत और बहुमूल्य गहने सुरक्षित समझकर लॉकरों में रखे थे, वे अब चिंता में हैं. पुलिस का मानना है कि जैसे-जैसे अन्य ग्राहक अपने लॉकरों की जांच करेंगे, मामले में और भी बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं.
यह भी पढ़ें : गुजरात में बारिश का कहर, सूरत में पानी में डूबीं कारें; ड्रोन वीडियो आया सामने
यह भी पढ़ें : कौन हैं प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया? राष्ट्रपति पदक से सम्मानित IPS को मिली बड़ी जिम्मेदारी
यह भी पढ़ें : ईरान ने अमेरिकी सेना पर किया ‘सरप्राइज अटैक'; CENTCOM का दावा US बेस को निशाना बनाकर दागीं गईं मिसाइलें
यह भी पढ़ें : गिरफ्तारी के बाद भी सबसे पहले मां की फिकर, सलाखों के पीछे से पूछा- तुमने सुबह से कुछ खाया? देखिए ये भावुक पल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं