Faujio Wala Gaon : देश में ऐसे कई गांव हैं जो IAS, IPS और अन्य कई बड़ी अचीवमेंट के लिए जाने जाते हैं. ऐसे ही एक गांव है उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का गहमर, जो ‘फौजियों वाला गांव' के नाम से मशहूर है. जिसका जिक्र हाल ही में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी किया है. तो चलिए जानते हैं एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर को फौजियों वाला गांव क्यों कहते हैं और क्या है इसकी खासियत.
22 टोलों का है गांव
बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित गहमर गांव करीब 8 वर्गमील क्षेत्रफल में फैला है. इस गांव की आबादी लगभग 1.20 लाख है. गहमर को 22 टोलों में बांटा गया है और हर टोले का नाम किसी न किसी प्रतिष्ठित या ऐतिहासिक व्यक्ति से जुड़ा हुआ है. यही विशेषताएं इसे न सिर्फ पूर्वांचल, बल्कि देश के सबसे अनूठे गांवों में शामिल करती हैं.
12000 से अधिक सैनिक गहमर से
बता दें इस गांव से 12,000 से अधिक सैनिक देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं. यही नहीं 15000 से अधिक अवकाश प्राप्त सैनिक और सेना के अधिकारी एक ही गांव में रहते हैं. ये बात खुद योगी आदित्यनाथ ने गाजीपुर दौरे के दौरान अपने भाषण में कही है.
विश्वयुद्ध में भी ले चुके हैं हिस्सा
रिपोर्ट के अनुसार, विश्वयुद्ध के दौरान गांव के 228 युवाओं ने हिस्सा लिया था. इनमें से 21 जवानों ने अपनी जान गांव दी थी. इसके बाद सेना में जाने की परंपरा और मजबूत होती चली गई. यही नहीं 1965 या फिर 1971 का युद्ध हो या कारगिल की लड़ाई, इसमें भी इस गांव के सैनिकों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया.
सुबह-शाम लगाते हैं दौड़
आपको इस गांव का माहौल बाकी गांवों से अलग दिखाई देगा. यहां सुबह और शाम के समय युवा मैदानों में दौड़ लगाते और वरजिस करते नजर आएंगे. सेना भर्ती की तैयारी यहां युवाओं के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है. यही नहीं कई पूर्व सैनिक युवाओं को ट्रेनिंग तक देते हैं और उन्हें सेना में जाने के लिए मोटिवेट करते हैं.
यही कारण है कि जब किसी घर का युवा सेना में सिलेक्ट होता है तो वह केवल परिवार की नहीं, पूरे गांव की उपलब्धि मानी जाती है. गहमर आज भी हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह बताता है कि देशभक्ति केवल शब्द नहीं, बल्कि एक परंपरा भी हो सकती है.
यह भी पढ़ें- JNU UG 2026 First Merit List Out: BA और BSc एडमिशन की पहली मेरिट लिस्ट जारी, jnuee.jnu.ac.in पर ऐसे करें चेक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं