माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद अब जांच एक नए मोड़ पर पहुंच गई है. हादसे के बाद से अबान का मोबाइल फोन नहीं मिल रहा है. पुलिस मोबाइल की तलाश में जुटी हुई है और कॉल डिटेल, लोकेशन के आधार पर मोबाइल को तलाश रही है. मालूम हो कि अतीक के बेटे अबान अहमद समेत दो लोगों की गुरुवार को झांसी जिले में एक सड़क हादसे में मौत हो गयी. इस घटना में कार सवार तीन अन्य लोग घायल हो गये, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
झांसी जेल में बंद भाइयों से मिलने जा रहा था अबान
अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अरविंद कुमार ने बताया कि पूर्व सांसद अतीक अहमद का बेटा अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने जा रहा था, तभी रास्ते में पुंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उसकी तेज गति से गुजर रही कार (एसयूवी) बेकाबू होकर एक डिवाइडर से टकराकर पलट गयी.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि इस हादसे की सूचना पुलिस को सुबह साढ़े 10 बजे मिली. उन्होंने कहा कि इस हादसे में अबान अहमद (21) और उसके दोस्त सोनू (25) की मौत हो गई.

हादसे में घायल तीन लोगों को झांसी से प्रयागराज किया गया रेफर
मूर्ति ने बताया कि हादसे में घायल कार सवार आजम, मोहम्मद जावेद और उमर को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था. उन्होंने बताया कि वे सभी प्रयागराज के ही रहने वाले हैं. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाकर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. मूर्ति ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि कार की गति बहुत तेज थी. हालांकि देर शाम घायलों के परिजनों की इच्छा पर तीनों को प्रयागराज रेफर किया गया. प्रयागराज से झांसी पहुंचे परिजनों ने तीनों को दो एम्बुलेंस में लेकर रवाना हुए.
गाड़ी की स्पीड बहुत ज्यादा थी
उन्होंने कहा, ‘‘घायल यात्रियों में से एक ने हमें बताया कि गाड़ी बहुत तेज गति से गुजर रही थी और डिवाइडर से टकराने से पहले बेकाबू हो गई थी.'' दुर्घटनाग्रस्त हुई कार में सवार रहे अबान के घायल दोस्त मोहम्मद उमर ने संवाददाताओं को बताया कि वे अबान के भाई से मिलने झांसी जेल जा रहे थे तभी कार बेकाबू हो गयी और यह हादसा हो गया.
सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिये राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाएगी. माना जा रहा है कि अबान के शव को प्रयागराज के कसारी मसारी स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा, जहां उसके परिवार के दूसरे सदस्यों को भी दफनाया गया था.


अबान अतीक के पांच बेटों में सबसे छोटा था
अबान अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटा और अहजम का जुड़वां भाई था. साथ ही पांच भाइयों में से उमर और अली अभी उत्तर प्रदेश की अलग-अलग जेलों में बंद हैं. अहमद का एक और बेटा असद अप्रैल 2023 में झांसी के पास पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारा गया था. वह वर्ष 2005 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह रहे उमेश पाल की हत्या के मामले में वांछित था.
2023 में अतीक और उसके भाई की हुई हत्या
अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को पत्रकार बनकर पहुंचे तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. घटना के समय पुलिस उन्हें मेडिकल जांच के लिए प्रयागराज के एक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ले जा रही थी.
यह भी पढे़ं - अतीक अहमद के कुनबे में कौन-कौन? पांच बेटों में दो की मौत, पत्नी तीन साल से फरार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं