- संसद के मॉनसून सत्र में विपक्ष गृहमंत्री अमित शाह को सदन में बयान देने के लिए बुलाने की मांग कर रहा है
- राज्यसभा सभापति ने संसदीय कार्य मंत्री से कहा है कि विपक्ष की मांगें गृह मंत्री तक पहुंचाई जाएं
- राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और छात्रों के मुद्दों को लेकर भी विपक्ष लगातार सरकार पर दबाव बना रहा है
संसद के मॉनसून सत्र में विपक्ष का जबरदस्त हंगामा देखने को मिल रहा है. विपक्ष गृहमंत्री अमित शाह को सदन में बुलाकर बयान देने की मांग कर रहे हैं. इस बीच राज्यसभा के सभापति ने संसदीय कार्य मंत्री से कहा कि वे विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे की अपील गृह मंत्री तक पहुंचाएं.
क्या बोले सभापति?
हंगामे के बीच सभापति ने कहा कि गृहमंत्री सदन में आएंगे या नहीं, यह उनकी इच्छा पर निर्भर करता है. हालांकि उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री से कहा कि विपक्ष की भावनाओं और मांगों को गृहमंत्री तक पहुंचाया जा सकता है.
दरअसल, विपक्ष 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को लेकर गृहमंत्री अमित शाह से सदन में बयान की मांग कर रहा है. इसके अलावा, राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर भी विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है. इन दोनों मुद्दों को लेकर संसद के दोनों सदनों में लगातार हंगामा हो रहा है, जिसके चलते सदन की कार्यवाही बार-बार प्रभावित हो रही है.
कांग्रेस सांसदों ने संसद में निकाला मार्च
संसद के मॉनसून सत्र के दौरान गुरुवार को संसद में कांग्रेस सांसदों ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस सांसदों ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से कई मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा. सांसदों ने 20 जुलाई को सीजेपी प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित पुलिस कार्रवाई, अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा, छात्रों के मुद्दों और संसद की कार्यवाही बाधित होने जैसे विषयों को जवाब मांगा है.
प्रयागराज में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की अनुमति रद्द किए जाने का मुद्दा भी संसद परिसर में जोर-शोर से उठा. कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समझ नहीं आता कि सरकार को आखिर किस बात का डर है.
यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल पर मिलेगा विपक्ष का साथ? आज फिर राहुल गांधी से मिले रिजिजू- सूत्र
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं