झारखंड में चक्रवाती तूफान 'अकवान' का असर हवाई यातायात पर भी पड़ रहा है. राजधानी रांची में खराब मौसम और कम दृश्यता के चलते शनिवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 14 उड़ानें रद्द कर दी गईं. वहीं दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा. अचानक उड़ानें रद्द होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
दिल्ली से मुंबई और बेंगलुरु तक की फ्लाइट प्रभावित
शनिवार को रांची एयरपोर्ट से देश के कई बड़े शहरों के लिए आने-जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ा. इनमें दिल्ली, हैदराबाद, पटना, मुंबई, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, कोलकाता, पुणे और बेंगलुरु की फ्लाइट शामिल हैं. रद्द की गई 14 उड़ानों में दिल्ली के लिए चार और कोलकाता के लिए दो उड़ानें थीं. इसके अलावा हैदराबाद, पटना, मुंबई, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, पुणे और बेंगलुरु के लिए एक-एक उड़ान रद्द की गई.
रद्द की गई 14 फ्लाइट के नंबर
रांची एयरपोर्ट से शनिवार को रद्द की गई उड़ानों की सूची इस प्रकार है:
1. फ्लाइट 2038 – रांची से दिल्ली
2. फ्लाइट 398 – रांची से हैदराबाद
3. फ्लाइट 2219 – रांची से दिल्ली
4. फ्लाइट 925 – रांची से पटना
5. फ्लाइट 6088 – रांची से मुंबई
6. फ्लाइट 7726 – रांची से भुवनेश्वर
7. फ्लाइट 209 – रांची से चेन्नई
8. फ्लाइट 2286 – रांची से दिल्ली
9. फ्लाइट 6654 – रांची से अहमदाबाद
10. फ्लाइट 7466 – रांची से कोलकाता
11. फ्लाइट 6274 – रांची से दिल्ली
12. फ्लाइट 761 – रांची से पुणे
13. फ्लाइट 6799 – रांची से बेंगलुरु
14. फ्लाइट 7468 – रांची से कोलकाता
दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की फ्लाइट कोलकाता डायवर्ट
खराब मौसम का असर दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की उड़ान पर भी पड़ा. शनिवार सुबह मौसम अनुकूल नहीं होने और दृश्यता कम रहने के कारण विमान को रांची में उतारने के बजाय कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा. इससे यात्रियों की यात्रा योजना प्रभावित हुई. एयरपोर्ट पर अचानक उड़ानें रद्द होने और विमानों के रास्ता बदलने से यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा.
क्या है चक्रवात 'अकवान', झारखंड में क्यों बिगड़ा मौसम?
चक्रवात 'अकवान' का गठन बंगाल की खाड़ी में हुआ था. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक यह तूफान 18 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया था. इसके बाद यह आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर बढ़ा. 20 नवंबर को ओडिशा तट के पास पहुंचने के बाद इसकी ताकत कमजोर होने लगी. 21 नवंबर तक यह झारखंड के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया. हालांकि इसके प्रभाव से झारखंड में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश हो रही है. मौसम में आए इस बदलाव के कारण रांची एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन प्रभावित हुआ है.
यह भी पढ़ें | तूफान अकवान से बिहार-झारखंड समेत 18 राज्यों में बारिश , यूपी में कोहरा, दिल्ली NCR में भी ठंड से बदला मौसम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं