सोने की कीमतों में आई बड़ी गिरावट के बीच व्यापारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद पत्र लिखा है. संगठन का कहना है कि कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री की ओर से सोना खरीदने से बचने की सलाह दिए जाने से लाखों ज्वैलरी कारोबारियों और निवेशकों को भारी नुकसान से बचने में मदद मिली.
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, जब प्रधानमंत्री ने सोना नहीं खरीदने की सलाह दी थी, उस समय सोने का भाव करीब 1.90 करोड़ रुपये प्रति किलो (1.90 लाख/10 ग्राम) था. अब इसकी कीमत घटकर करीब 1.25 करोड़ रुपये प्रति किलो (1.25 लाख/10 ग्राम) रह गई है. यानी संगठन के हिसाब से प्रति किलो करीब 65 लाख रुपये की गिरावट आई है.
CTI का कहना है कि अगर कारोबारियों ने उस समय ऊंची कीमत पर सोना खरीदकर स्टॉक जमा किया होता, तो उन्हें आज भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था.
1.90 लाख से 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हुआ सोना
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री की सलाह के समय सोने का भाव करीब 1.90 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था. अब ये घटकर करीब 1.25 करोड़ रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया है.
उन्होंने कहा कि अगर ज्वैलरी कारोबारियों ने उस समय सोना खरीदा होता, तो मौजूदा कीमत के हिसाब से उन्हें प्रति किलो करीब 65 लाख रुपये का नुकसान होता. उनके मुताबिक, इससे लाखों ज्वैलरी कारोबारी कर्ज में डूब सकते थे.
हालांकि, ये तुलना उस समय और मौजूदा कीमत के आधार पर की गई है. वास्तविक नुकसान या बचत इस बात पर निर्भर करती कि कारोबारियों ने कितना सोना खरीदा होता और उसे कब बेचा होता.
CTI ने बताया- क्यों कारोबारियों को मिली राहत?
1. ज्वैलरी कारोबारियों को स्टॉक के नुकसान से राहत
CTI के मुताबिक, देशभर में लाखों ज्वैलरी कारोबारी कई महीनों का सोना स्टॉक में रखते हैं. अगर उन्होंने ऊंचे भाव पर बड़ी मात्रा में सोना खरीदा होता, तो कीमत गिरने से उनके स्टॉक की वैल्यू कम हो जाती.
2. छोटे ट्रेडर और निवेशकों को भी फायदा
संगठन का कहना है कि ऑनलाइन और ऑफलाइन सोने का कारोबार करने वाले छोटे ट्रेडर और निवेशक भी इस गिरावट से पहले खरीदारी करने से बचे. CTI के मुताबिक, उसके कारोबारी समूहों में कई लोग प्रधानमंत्री की सलाह को लेकर आभार जता रहे हैं.
3. पहले विरोध हुआ, अब व्यापारी कर रहे तारीफ
बृजेश गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री की सलाह आने के समय कई कारोबारियों ने इसका विरोध किया था. लेकिन अब सोने की कीमतों में गिरावट के बाद कुछ कारोबारी उस सलाह को सही मान रहे हैं.
4. शादी सीजन में ग्राहकों को राहत
अभी देश में शादी का सीजन चल रहा है. CTI का कहना है कि सोने की कीमत कम होने से आम ग्राहकों को गहने खरीदने में राहत मिल सकती है. संगठन ने इस सीजन में 52 लाख शादियों का अनुमान भी जताया है.
5. सोने-चांदी के बाजार पर आगे भी मिले मार्गदर्शन
CTI ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि सोने और चांदी जैसे संवेदनशील बाजारों को लेकर सरकार समय-समय पर कारोबारियों को मार्गदर्शन देती रहे. संगठन का कहना है कि इससे सट्टेबाजी और जमाखोरी जैसी गतिविधियों पर लगाम लगाने में मदद मिल सकती है.
'प्रधानमंत्री ने लाखों परिवारों की पूंजी बचाई'
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सिर्फ सलाह नहीं दी, बल्कि उनके मुताबिक इससे लाखों परिवारों की पूंजी को संभावित नुकसान से बचाने में मदद मिली. संगठन ने प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया है. CTI का ये बयान ऐसे समय आया है, जब सोने की कीमतों में गिरावट के बाद ज्वैलरी कारोबारियों और निवेशकों के बीच बाजार के अगले रुख को लेकर चर्चा तेज है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं