JPSC और JSSC समेत झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो अब आंदोलन के दूसरे चरण की शुरुआत करने जा रहे हैं. 24 अगस्त यानि की आज से उनकी ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा' शुरू होगी. यात्रा की शुरुआत रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा गांव से होगी, जिसे दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली और पैतृक गांव के रूप में जाना जाता है. इस बात की घोषणा छात्र नेता देवेंद्र महतो ने एक वीडियो जारी करते हुए किया. वीडियो में देवेंद्र नाथ महतो ने कहा इस यात्रा का उद्देश्य केवल किसी एक परीक्षा को रद्द कराना नहीं, बल्कि झारखंड की पूरी भर्ती व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर छात्रों और आम लोगों के बीच जागरूकता पैदा करना है.
भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा में क्या करेंगे देवेंद्र नाथ महतो
उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान छात्रों, अभ्यर्थियों, शिक्षकों, प्रोफेसरों और आम लोगों से संवाद किया जाएगा और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, कथित धांधली और अनियमितताओं के मुद्दे को उठाया जाएगा. महतो ने कहा है कि यदि किसी भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी निर्दोष अभ्यर्थी का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए.
24 जिलों तक पहुंचेगी यात्रा
घोषणा के मुताबिक ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा' झारखंड के सभी 24 जिलों से होकर गुजरेगी. इसका मकसद राज्यभर में भर्ती व्यवस्था को लेकर जनजागरण अभियान चलाना और छात्रों की मांगों को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है. यात्रा के जरिए सरकार पर भर्ती परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए ठोस कदम उठाने का दबाव बनाया जाएगा.
देवेंद्र नाथ महतो ने यह भी कहा है कि आंदोलन अब केवल परीक्षा रद्द कराने तक सीमित नहीं रहेगा. उनका जोर ऐसी स्थायी व्यवस्था बनाने पर है, जिसमें किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में पेपर लीक या अनियमितता की स्थिति पैदा न हो. इससे पहले भी उन्होंने कहा था कि आंदोलन के अगले चरण में भर्ती परीक्षा व्यवस्था में सुधार को मुख्य मुद्दा बनाया जाएगा.
सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
महतो ने सरकार से मांग की है कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों में अदालत के समक्ष सरकार अपना पक्ष मजबूती से रखे. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 15 सितंबर की सुनवाई में सरकार ने प्रभावी तरीके से अपना पक्ष नहीं रखा, तो आंदोलन को और व्यापक किया जा सकता है. इसके तहत मुख्यमंत्री आवास के घेराव, चक्का जाम और जरूरत पड़ने पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है.
इस तरह 24 अगस्त से शुरू होने वाली यह यात्रा JPSC-JSSC विवाद को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन का अगला चरण होगी. नेमरा से शुरू होकर 24 जिलों तक पहुंचने वाली इस यात्रा के जरिए छात्र नेता भर्ती व्यवस्था में सुधार, पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी में हैं.
यह भी पढ़ें - झारखंड में दौड़ा-दौड़ाकर पीटे गए छात्र; कई जिलों में JMM और छात्रों की भिड़ंत, BJP ने सोरेन सरकार को घेरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं