झारखंड के रांची में टाटा हाईवे स्थित दशम फॉल थाना क्षेत्र में मंगलवार को महिलाओं के साथ कथित गुंडागर्दी और रोड रेज की घटना चर्चा में रही. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्कॉर्पियो सवार युवक कार का शीशा तोड़ते और कार के पास हंगामा करते नजर आ रहे हैं. प्रकरण में महिलाओं का पीछा करने, जान से मारने की धमकी देने और पुलिस के समय पर नहीं पहुंचने की बात भी सामने आ रही है. हालांकि, पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बीच हुए समझौते के बाद प्रकरण ही पलट गया.
महिलाओं का आरोप- पीछा कर रोकी कार, फिर अभद्रता
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, वे मंगलवार (7 जुलाई) की सुबह जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही थीं. बुंडू में नाश्ता करने और सूर्य मंदिर घूमने के बाद दोपहर करीब 12:27 बजे रांची-टाटा हाईवे पर उनकी कार को स्कॉर्पियो (JH-01 GH-4141) ने टक्कर मार दी. उनका आरोप था कि गलती स्कॉर्पियो चालक की थी, लेकिन विरोध करने पर दोनों युवक अभद्रता करने लगे.
महिलाओं का कहना था कि वे वहां से निकल गईं, लेकिन स्कॉर्पियो सवार उनका पीछा करते रहे. कई बार ओवरटेक कर रास्ता रोकने की कोशिश की गई और कार रोककर ड्राइवर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया. दरवाजा नहीं खुलने पर पत्थर मारकर ड्राइवर साइड का शीशा तोड़ दिया गया.
डायल-112 पर कॉल, पुलिस देर से पहुंची
महिलाओं ने बताया कि उन्होंने दोपहर 12:33 बजे डायल-100/112 पर कॉल कर मदद मांगी, लेकिन पुलिस देर से पहुंची. वहीं पुलिस का कहना है कि राज्य कंट्रोल रूम से 12:38 बजे सूचना जिला कंट्रोल रूम को मिली और 12:39 बजे दशम फॉल थाना को अलर्ट किया गया. इसके बाद पहले बाइक से पुलिसकर्मी और फिर पुलिस वाहन 10 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गया. पुलिस ने बताया किकि जिस समय घटना हुई, उस दौरान हाईवे पेट्रोलिंग वाहन दशम फॉल से बुंडू मार्ग पर नियमित गश्त कर रहा था. इसका रिकॉर्ड भी उपलब्ध है.
जांच में सामने आया दूसरा पक्ष
पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि कार और स्कॉर्पियो के बीच पहले सड़क दुर्घटना हुई थी. जांच के अनुसार, कार ने स्कॉर्पियो को टक्कर मारी थी. इसके बाद स्कॉर्पियो सवार युवक वाहन रोककर बात करना चाहते थे, लेकिन कार चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया. इसी के बाद स्कॉर्पियो ने कार का पीछा किया. पुलिस के मुताबिक, पीछा करने के दौरान दोनों वाहनों के बीच विवाद बढ़ा और गुस्से में स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कार का शीशा तोड़ दिया. वायरल वीडियो इसी घटनाक्रम का हिस्सा है.
30 हजार रुपये में समझौता
स्कॉर्पियो सवार पक्ष ने कार के नुकसान की भरपाई के लिए 30 हजार रुपये नकद दिए. इसके बाद पीड़िता की तरफ से राजीनामा हो गया. घटना को लेकर पुलिस में में किसी तरह की रिपोर्ट नहीं दी गई. दोनों पक्षों ने विवाद समाप्त करने पर सहमति जताई.
यह भी पढ़ेंः प्रेमी से शादी की चाह में पति का किया सिर कलम, जंगल में दफन किया धड़, 17 दिन बाद हुआ खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं