विज्ञापन

किस काम का ये गुस्सा! व्हाट्सएप स्टेटस पर हुए विवाद में 12वीं के छात्र की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या

इस मामले में आरोपी पहले छात्र को मंदिर दर्शन के बहाने अपने साथ ले गए, फिर सुनसान पहाड़ी पर हथौड़े से हमला कर मौत के घाट उतार दिया.

किस काम का ये गुस्सा! व्हाट्सएप स्टेटस पर हुए विवाद में 12वीं के छात्र की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या
पुणे में एक छात्र को हथौड़े से हमला कर मौत के घाट उतार दिया.
  • पुणे के कोथरुड इलाके में 12वीं कक्षा के छात्र की व्हाट्सएप स्टेटस विवाद को लेकर बेरहमी से हत्या हुई
  • आरोपी छात्र को भगवान के दर्शन के बहाने मंदिर ले गए और फिर एआरएआई वेताल टेकरी पहाड़ी पर ले जाकर हमला किया
  • आरोपियों ने हथौड़े से छात्र के सिर पर कई बार वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई

महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है. कोथरुड इलाके की एआरएआई वेताल टेकरी पहाड़ी पर 12वीं कक्षा के एक छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या की वजह व्हाट्सएप स्टेटस को लेकर पैदा हुआ विवाद था. पुलिस के मुताबिक, मृतक छात्र और आरोपियों के बीच व्हाट्सएप स्टेटस को लेकर लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था. स्टेटस को लेकर आरोपियों के मन में गुस्सा था. इसी रंजिश ने धीरे-धीरे खतरनाक रूप ले लिया और उन्होंने छात्र को रास्ते से हटाने की योजना बना ली.

दर्शन के बहाने रची गई साजिश

जांच में पता चला कि आरोपियों ने छात्र को भगवान के दर्शन कराने के बहाने अपने साथ बुलाया. पहले उसे राजगढ़ स्थित एक मंदिर ले जाया गया. वहां से लौटते समय उसे कहीं छोड़ने का बहाना बनाकर एआरएआई वेताल टेकरी पहाड़ी की ओर ले गए.

सुनसान जगह पर हथौड़े से हमला

पहाड़ी पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने सुनसान जगह का फायदा उठाया. उन्होंने छात्र के सिर पर हथौड़े से कई वार किए. हमला इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए.

पुलिस जांच में खुला राज

शुरुआत में पुलिस को पहाड़ी पर एक शव मिला था जिसकी पहचान नहीं हो सकी थी. जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पहचान की और उसके परिवार से पूछताछ की. पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई.

दो आरोपी हिरासत में, एक नाबालिग

कोथरुड पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है. इनमें एक नाबालिग भी शामिल बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की पूरी साजिश और कारणों की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें- 

15 दिन में फैसला लें... मिशनरी ग्राहम स्टेंस की हत्या में उम्रकैद की सजा काट रहे दारा सिंह की समयपूर्व रिहाई पर सुप्रीम कोर्ट

पुणे में 10 साल की बच्ची की रेप और हत्या, ढूंढने का नाटक करता रहा आरोपी, गुस्साए ग्रामीणों बोले- फांसी दो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pune Murder Case, Maharashtra Crime, Pune Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com