विज्ञापन

Jharkhand: पंचायत का 'तालिबानी' आदेश, बुजुर्ग को जादू-टोने के शक में पेशाब पिलाया; विरोध करने पर महिला स्वास्थ्यकर्मी को भी पीटा

Elderly Man Forced to Drink Urine Jharkhand: गांव में हुई एक मौत का बदला लेने के लिए लोगों की भीड़ ने एक बुजुर्ग के साथ जो किया वो जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. पढ़ें हरिवंश शर्मा की रिपोर्ट.

Jharkhand: पंचायत का 'तालिबानी' आदेश, बुजुर्ग को जादू-टोने के शक में पेशाब पिलाया; विरोध करने पर महिला स्वास्थ्यकर्मी को भी पीटा
झारखंड के लातेहार में बुजुर्ग को पेशाब पिलाया.
NDTV Reporter

Jharkhand News: झारखंड के लातेहार जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. नेतरहाट थाना क्षेत्र के दौना गांव में ग्रामीणों के एक समूह ने बुजुर्ग व्यक्ति को 'जादू-टोना' करने वाला बताकर अमानवीय यातनाएं दीं. भीड़ का जुनून इस कदर बढ़ा कि बुजुर्ग को जबरन पेशाब पीने पर मजबूर कर दिया गया. पीड़ित के बेटे बृजेश मुंडा ने मंगलवार को हुई इस खौफनाक घटना की जानकारी देते हुए न्याय की गुहार लगाई है.

हादसे को बताया 'काले जादू' का असर

इस पूरी हिंसा के पीछे की वजह बेहद हैरान करने वाली है. दरअसल, हाल ही में गांव में एक सड़क दुर्घटना हुई थी, जिसमें एक महिला की मौत हो गई. ग्रामीणों ने इस इत्तेफाक को बुजुर्ग के कथित 'काले जादू' से जोड़ दिया. इसी सनक में 15 लोगों के गुट ने एक बैठक बुलाई और बुजुर्ग को जादू टोना करने वाला करार देते हुए उन पर हमला बोल दिया. परिजनों का आरोप है कि भीड़ ने बुजुर्ग की पत्नी के साथ भी अभद्रता की कोशिश की, जिसे उन्होंने कड़े विरोध के बाद नाकाम कर दिया.

मदद करने वालों को भी नहीं बख्शा

जब गांव की स्वास्थ्यकर्मी हीना देवी ने ग्रामीणों के इस वहशीपन को रोकने की कोशिश की, तो भीड़ ने उन पर भी हमला कर दिया. हीना देवी के पति वीरेंद्र सिंह के मुताबिक, भीड़ ने उनकी पत्नी को बुरी तरह पीटा और मौके से भगा दिया. 

थाने से वापस भेजा, SP ने लिया संज्ञान

हैरानी की बात यह है कि पीड़ित पक्ष जब बुधवार को नेतरहाट पुलिस के पास पहुंचा, तो उन्हें कथित तौर पर बिना मदद के वापस भेज दिया गया. हालांकि, मामला चर्चा में आने के बाद एसपी कुमार गौरव ने संज्ञान लिया है. फिलहाल पुलिस की एक टीम गांव जाकर पूछताछ कर चुकी है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि और केस दर्ज होना अभी बाकी है. एसपी का कहना है कि औपचारिक शिकायत मिलते ही कानून सम्मत सख्त कार्रवाई शुरू की जाएगी.

SDM ने भी दिए जांंच के आदेश

वहीं एसडीएम विपिन कुमार दुबे ने बताया कि यह मामला काफी संगीन है. थाना प्रभारी को आदेश दिया गया है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिजनों के आवेदन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करें.

ये भी पढ़ें:- झारखंड ग्रामीण विकास मंत्रालय टेंडर घोटाले में फिर ED की बड़ी कार्रवाई, 14 नए इंजीनियर बने आरोपी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Latehar News, Jharkhand Witchcraft Case, Elderly Man Forced To Drink Urine Jharkhand, Mob Violence In Latehar Village, Crime News Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com