उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक भाई ने अपनी ही शादीशुदा बहन की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोप है कि बहन के किसी युवक से फोन पर बात करने के शक में उसने पहले उसे ससुराल से बुलाया और फिर गला घोंटकर उसकी जान ले ली. हत्या के बाद आरोपी ने शव को कुएं में फेंक दिया और खुद पुलिस चौकी पहुंचकर सरेंडर कर दिया.
मामला फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र का है. यहां रहने वाले संदीप यादव को अपनी बहन पर शक था कि वह शादी के बाद भी किसी युवक से फोन पर बात करती है. उसे डर था कि बहन कहीं उसके साथ भाग न जाए. इसी शक ने उसे इतना अंधा कर दिया कि उसने अपनी सगी बहन की ही हत्या की साजिश बना डाली.
ससुराल से बुलाकर रास्ते में की हत्या
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपनी बहन को उसके ससुराल राधानगर थाना क्षेत्र से लेने गया था. बहन को मायके लाने के बहाने वह उसे अपने साथ ले आया, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसका गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद उसने सबूत छिपाने के लिए शव को पास के एक कुएं में फेंक दिया.
खुद ही चौकी पहुंचकर किया सरेंडर
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीधे हसवां पुलिस चौकी पहुंच गया. वहां उसने खुद पुलिस को पूरी घटना बताई. आरोपी की इस जानकारी के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया और तुरंत मौके पर पहुंचकर कुएं से शव को बाहर निकलवाया गया.
डेढ़ महीने पहले ही हुई थी शादी
मृतका रम्मी देवी (22) की शादी करीब डेढ़ महीने पहले राधानगर क्षेत्र में हुई थी. शक था कि शादी के बाद भी वह किसी युवक से संपर्क में थी, जिसे लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था. इसी को लेकर भाई के मन में डर बढ़ता गया, जो आखिरकार इस खौफनाक घटना में बदल गया.
परिजनों में मचा कोहराम
जैसे ही घटना की जानकारी परिवार को मिली, पूरे घर में चीख-पुकार मच गई. पिता ने बताया कि उनका बेटा बहन को ससुराल से लेकर आया था, लेकिन घर नहीं पहुंचा. बाद में पता चला कि वह पुलिस चौकी में है और उसने अपनी ही बहन की हत्या कर दी है. यह सुनते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई.
पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
एसपी अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, आरोपी युवक पुलिस हिरासत में है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि बहन के किसी अन्य युवक से संबंध होने और घर छोड़ने के डर ने इस हत्या को जन्म दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं