Nawada Triple Suicide Case: बिहार के नवादा जिले से एक ऐसा खौफनाक और उलझा हुआ मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और परिवार दोनों को चक्रव्यूह में डाल दिया है. जिले के रोह प्रखंड के नीचे बाजार निवासी राजकुमार महतो के बेटे रवि कुमार की बड़ोदरा में ट्रेन से कटकर हुई मौत का मामला लगातार रहस्यमय होता जा रहा है. सनसनी तब और बढ़ गई जब रवि की मौत के बाद उसके दो करीबी दोस्तों रोहित और विकास ने भी कथित रूप से आत्महत्या कर ली. इस ट्रिपल सुसाइड के पीछे अब स्थानीय स्तर पर हनीट्रैप (Honeytrap) और भारी ब्लैकमेलिंग की आशंका जताई जा रही है.
'मेरा दोस्त मर गया, अब मैं भी नहीं बचूंगा
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के पिता राजकुमार महतो ने मामले को लेकर बताया कि रवि लगभग छह सालों से वड़ोदरा की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था . वह दस दिन पहले ही घर से वापस काम पर गया था. उन्होंने दावा किया कि रवि घर से अपनी पत्नी के आठ आने सोने के कान के गहने तथा हाथ में पहनने वाला चांदी का पंजा बिना बताए साथ ले गया था. इस बात की जानकारी बाद में परिवार को हुई. पिता का कहना है कि इस घटना के बाद कई तरह की आशंकाएं जन्म ले रही हैं और उन्हें संदेह है कि किसी के द्वारा रवि और उसके दोस्तों को ब्लैकमेल किया जा रहा था.
परिजनों के अनुसार रवि का एक करीबी दोस्त शेखपुरा का रोहित भी वड़ोदरा जाने वाला था, लेकिन रवि के पहुंचने के कुछ दिन बाद उसने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इसके बाद रवि ने अपनी मां से फोन पर बातचीत के दौरान कहा था कि 'मेरा दोस्त मर गया है, अब मैं भी नहीं बचूंगा.' कुछ दिनों बाद वड़ोदरा के मकरपुरा रेलवे स्टेशन के समीप उसने कथित रूप से मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी.
कमरे में रहने वाले तीसरे दोस्त ने भी लगाई फांसी
खौफ का यह सिलसिला मामला यहीं नहीं रुका. जैसे ही रवि की मौत की सूचना वड़ोदरा में उसके कमरे तक पहुंची, तो उसके साथ एक ही कमरे में रहने वाले तीसरे दोस्त विकास कुमार जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का रहने वाला था. कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि तीनों दोस्त पहले लंबे समय से एक साथ रह रहते थे. तीनों अक्सर उनके गांव रोह आया करते थे और रुका करते थे.
ब्लैकमेलिंग का शक
एक के बाद एक तीन दोस्तों की मौत और इन घटनाओं के बाद सामने आई कुछ बातों ने लोगों में बहस छेड़ दी है. स्थानीय तौर पर, यह आशंका जताई जा रही है कि तीनों ने किसी तरह की ब्लैकमेलिंग या हनी ट्रैप के दबाव में आकर यह कदम उठाया होगा. हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, न ही पुलिस ने ऐसी किसी संभावना की पुष्टि की है.
जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे परिजन
रवि शादीशुदा था और उसकी एक छोटी बच्ची है. उसकी पत्नी आरती कुमारी गांव में सास-ससुर के साथ रहती है. फिलहाल तीन दोस्तों की मौत की असली वजह एक पहेली बनी हुई है और लोग जांच एजेंसियों की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से 70 लाख के गहने की लूट, सीसीटीवी फुटेज आया सामने
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं