- सेना ने कहा, एलओसी के पास स्थिति नियंत्रण में है
- कहा- घाटी में आईईडी विस्फोटकों का खतरा ज्यादा है
- लेकिन सुरक्षाबल नियमित रूप से तलाशी अभियान चला रहे हैं
जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) सरकार ने अमरनाथ यात्रियों और पर्यटकों को घाटी में आतंकी हमले के इनपुट के मद्देनजर वापस लौटने की सलाह दी है. सरकार ने एक पत्र जारी कर पर्यटकों व अमरनाथ यात्रियों को घाटी में रहने की अवधि में कटौती करने का आदेश दिया है. सरकार ने यात्रियों व पर्यटकों को जल्द से जल्द घाटी से लौटने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है. इस बीच सेना ने कहा कि स्पष्ट और पुष्ट खुफिया जानकारी मिली है कि पाकिस्तानी सेना द्वारा समर्थित आतंकी अमरनाथ यात्रा बाधित करने की फिराक में हैं. सेना ने बताया कि अमरनाथ यात्रा के रास्ते से लैंडमाइन और स्नाइपर राइफल बरामद किये गए हैं.
Jammu & Kashmir govt has issued security advisory for #AmarnathYatra pilgrims and tourists, asked them to return amid terror threat. Amarnath Yatra from Jammu route has been suspended till August 4, due to inclement weather. (file pic) pic.twitter.com/yL7hDrEaTM
— ANI (@ANI) August 2, 2019
सेना की 15वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन ने संवाददाताओं से कहा, 'पिछले तीन-चार दिनों में बहुत ही स्पष्ट और पुष्ट खुफिया जानकारी मिली है कि पाकिस्तानी सेना द्वारा समर्थित आतंकी अमरनाथ यात्रा बाधित करने की फिराक में हैं और उसके आधार पर यात्रा के दोनों मार्गों, दक्षिण की तरफ के पहलगाम वाले रास्ते और उत्तर की तरफ के बालटाल वाले रास्तों पर सुरक्षाबलों ने गहन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें बड़ी सफलता मिली है. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान, पाकिस्तान आयुध फैक्ट्री में निर्मित एक बारूदी सुरंग को जब्त कर लिया गया.'
लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन के अनुसार अमरनाथ यात्रा मार्ग पर सेना को भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा मिला है जिसमें टेलीस्कोप के साथ अमेरिकी एम-24 स्नाइपर राइफल भी शामिल है. लेफ्टिनेंट जनरल केजेएस ढिल्लन ने कहा कि 'इस पूरे मामले में पाकिस्तानी सेना की गोला-बारूद और हथियारों के साथ सीधी संलिप्तता है.' उन्होंने कहा, घाटी में आईईडी विस्फोटकों का खतरा ज्यादा है, लेकिन नियमित रूप से तलाशी अभियान चलाकर सुरक्षा बल इससे प्रभावी ढंग से निपट रहे है. पाकिस्तानी सेना घाटी की शांति में खलल डालना चाहती है, लेकिन भारतीय सेना पाकिस्तान को कश्मीर में शांति भंग नहीं करने देगी.
VIDEO: जम्मू-कश्मीर में अतिरिक्त सेना की तैनाती से नाखुश राज्य के नेता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं