विज्ञापन

nVIDIA में कौन तय करेगा जेनसेन हुआंग का भविष्य? दुनिया की सबसे ताकतवर AI कंपनी के बोर्ड पर टिकी सबकी निगाहें

दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनी Nvidia में इन दिनों निगाहें उसके संस्थापक और CEO Jensen Huang पर टिकी हैं. विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े आरोपों और मीडिया रिपोर्टों के बाद कंपनी के बोर्ड ने एक स्वतंत्र जांच शुरू की है.

nVIDIA में कौन तय करेगा जेनसेन हुआंग का भविष्य? दुनिया की सबसे ताकतवर AI कंपनी के बोर्ड पर टिकी सबकी निगाहें
फाइल फोटो
NDTV

दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनी nVIDIA में इस वक्त सिर्फ कारोबार नहीं, बल्कि कंपनी के सबसे बड़े चेहरे जेनसेन हुआंग का भविष्य भी चर्चा के केंद्र में है. एक तरफ विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े आरोपों को लेकर जांच शुरू हुई है, तो दूसरी तरफ सवाल यह है कि अगर मामला आगे बढ़ता है तो फैसला कौन करेगा? जवाब है, nVIDIA का बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, जिसके हाथ में कंपनी की गवर्नेंस और CEO की जवाबदेही से जुड़े सबसे अहम अधिकार हैं.

अमेरिकी टेक कंपनी nVIDIA के बोर्ड ने हाल में यह घोषणा की कि वह जेनसेन हुआंग को लेकर सामने आई रिपोर्टों के बाद एक स्वतंत्र जांच शुरू कर रहा है. कंपनी के मुताबिक, स्वतंत्र निदेशकों की एक कमेटी बाहरी कानूनी सलाहकारों की मदद से पूरे मामले की निगरानी करेगी. बोर्ड ने साथ ही कहा कि फिलहाल उसके पास ऐसा कोई कारण नहीं है जिससे लगे कि अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय रहस्य प्रभावित हुए हैं.

लेकिन NDTV Profit की एक रिपोर्ट के अनुसार, nVIDIA के नियमों में ये प्रावधान है कि निदेशकों के बहुमत में वोट से कंपनी के किसी भी अधिकारी को, किसी कारण के साथ या बिना किसी कारण के हटाया जा सकता है. कंपनी के नियमों में ये अपडेट 12 मार्च 2024 को लागू किए गए थे. 

आखिर मामला क्या है?

हाल के दिनों में कई अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि जेनसेन हुआंग कथित तौर पर एक विदेशी खुफिया अभियान का निशाना बने थे. कुछ रिपोर्टों में एक चीनी कारोबारी महिला से उनके करीबी संबंधों का भी जिक्र किया गया. अमेरिका का दावा है कि संबंधित महिला को चीन के 'राज्य सुरक्षा मंत्रालय' ने nVIDIA के CEO की जासूसी करने के लिए काम पर रखा था.

इस महिला का नाम एलिस हुआंग है. एलिस हुआंग एक चीनी नागरिक हैं. उन्होंने पहले 'CCTV' और 'Hunan TV' में रिपोर्टर के तौर पर काम किया था, बाद में वह बैंकिंग सेक्टर (HSBC) और शंघाई की एक इन्वेस्टमेंट फर्म से जुड़ीं और फिर सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी 'मेगास्पीड' (Megaspeed) की एमडी और सीईओ बनीं. 

Latest and Breaking News on NDTV

'मेगास्पीड' एनवीडिया की एक प्रमुख ग्राहक कंपनी है. इस कंपनी ने कथित तौर पर दो साल में एनवीडिया से 4.8 अरब डॉलर से अधिक के चिप्स खरीदे हैं.

सरनेम 'हुआंग' होने के बावजूद दोनों का कोई खून का रिश्ता नहीं है और न ही कोई आधिकारिक रिश्ता है. लेकिन जेनसेन हुआंग ने माना है कि इस महिला के साथ उनका एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था. इसके लिए उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों से माफी भी मांगी है. 

इन रिपोर्टों के बाद nVIDIA के बोर्ड ने स्वतंत्र जांच का फैसला लिया. हालांकि कंपनी ने साफ कहा है कि अभी तक किसी सुरक्षा चूक का प्रमाण नहीं मिला है और जांच का उद्देश्य सभी उपलब्ध तथ्यों की समीक्षा करना है.

स्टीफन नील, nVIDIA को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर

स्टीफन नील, nVIDIA को बोर्ड ऑफ डायरेक्टर

कौन हैं वे लोग जो जेनसेन हुआंग के भविष्य पर फैसला करेंगे?

दिलचस्प बात यह है कि जेनसेन हुआंग सिर्फ CEO ही नहीं, बल्कि कंपनी के सह-संस्थापक भी हैं. इसके बावजूद वे बोर्ड से ऊपर नहीं हैं. nVIDIA के बोर्ड में कई स्वतंत्र सदस्य शामिल हैं. इनका काम कंपनी के शेयरहोल्डर्स के हितों की रक्षा करना और प्रबंधन की जवाबदेही सुनिश्चित करना है.

कंपनी के बोर्ड में स्टीफन सी. नील, टेंच कॉक्स, मेलिसा बी. लोरा, सुजैन नोरा जॉनसन, आरती शाह, जॉन ओ. दबीरी, मार्क ए. स्टीवंस, ए. ब्रुक सीवेल, हार्वे सी. जोन्स और अन्य सदस्य शामिल हैं. जेनसेन हुआंग भी बोर्ड का हिस्सा हैं, लेकिन जांच की निगरानी स्वतंत्र निदेशकों की कमेटी कर रही है.

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बोर्ड में सबसे अहम भूमिका स्टीफन नील निभा सकते हैं. वे कंपनी के लीड इंडिपेंडेंट डायरेक्टर हैं और कॉरपोरेट गवर्नेंस मामलों का लंबा अनुभव रखते हैं. बोर्ड की जांच प्रक्रिया में उन्हें प्रमुख चेहरा माना जा रहा है.

बोर्ड के सामने सबसे बड़े सवाल

जांच के दौरान बोर्ड को कुछ अहम सवालों के जवाब तलाशने होंगे.

  • क्या CEO के आचरण से कंपनी के हितों पर कोई असर पड़ा?
  • क्या किसी तरह की संवेदनशील कारोबारी जानकारी खतरे में आई?
  • क्या राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा कोई जोखिम पैदा हुआ?
  • क्या कंपनी के गवर्नेंस नियमों का पालन हुआ?

फिलहाल बोर्ड ने साफ कहा है कि उसके पास किसी सुरक्षा से समझौते का संकेत नहीं है, लेकिन वह उपलब्ध सभी जानकारियों की समीक्षा करेगा.

जांच के दौरान भी CEO बने रहेंगे जेनसेन हुआंग?

अब तक nVIDIA ने जेनसेन हुआंग को पद से हटाने या उनके अधिकार सीमित करने जैसी कोई घोषणा नहीं की है. कंपनी ने कहा है कि उसे जेनसेन हुआंग और उनकी नेतृत्व टीम पर भरोसा है.  हुआंग ने भी जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है.

यह भी पढ़ें: लव, सेक्स और ब्लैकमेल... दुनिया के 5 सबसे चर्चित हनीट्रैप ताकतवर देशों को कैसे घुटनों पर लाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nvidia, Jensen Huang, Honeytrap
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com