विज्ञापन
This Article is From May 02, 2016

रोहित शर्मा ने कर दिया कमाल और महेंद्र सिंह धोनी रह गए पीछे...

रोहित शर्मा ने कर दिया कमाल और महेंद्र सिंह धोनी रह गए पीछे...
नई दिल्‍ली: महाराष्ट्र की दोनों टीमें जब आमने-सामने थीं तो स्वभाविक रूप से मैदान पर दोनों टीमों के लिए समर्थन था, लेकिन इस समर्थन का फायदा उठाते हुए किसी ने मैच को अपने कब्ज़े में किया तो वह है मुंबई इंडियन्स। रोहित शर्मा की कप्तानी में खेल रही मुंबई इंडियन्‍स ने धोनी की टीम पुणे सुपरजाइंट्स को आठ विकेट से हराया। टॉस जीतने के बाद मुंबई इंडियन्‍स के कप्तान रोहित शर्मा ने पहले गेंदबाज़ी करने का निर्णय लिया और पुणे सुपरजाइंट्स अच्छी शुरुआत करने की बावजूद भी सिर्फ 159 बना पाई। मुंबई इंडियन्‍स ने 18.3 ओवर में सिर्फ दो विकेट गवांकर इस मैच को जीत लिया।

पुणे के हारने की वजह क्या रही
पुणे सुपरजाइंट्स ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले छह ओवर में 54 रन बना लिए थे। दस ओवर ख़त्म होने तक पुणे सुपरजाइंट्स का स्कोर सिर्फ दो विकेट पर 93 रन था। ऐसी उम्मीद की जा रहा थी कि पुणे का स्कोर 200 के करीब पहुंच जाएगा। जहां, 12 ओवर के बाद पुणे को तेजी से खेलना चाहिए था, वहीं पुणे के बल्लेबाज़ स्लो खेले। महेंद्र सिंह धोनी 24 गेंद खेलते हुए सिर्फ 24 ही बना पाए। धोनी की इस धीमी पारी की वजह से पुणे सुपरजाइंट्स सिर्फ 159 रन बन पाई।

क्यों हुई धोनी की आलोचना
ऐसा बहुत कम बार देखने को मिला होगा, जहां महेंद्र सिंह धोनी की आलोचना हुई हो। धोनी एक ऐसे कप्तान हैं जो कई बार अकेले अपने दम पर मैच जीता चुके हैं, लेकिन इस मैच में धोनी की बैटिंग को लेकर कई सवाल उठाए गए। पूर्व क्रिकेटर वक़ार यूनुस ने भी धोनी की बैटिंग पर सवाल उठाए। वक़ार ने रोहित को हीरो के रूप में पेश किया, जबकि धोनी की बैटिंग को लेकर सवाल उठाए। मैच ख़त्म हो जाने के बाद धोनी ने खुद अपनी बैटिंग पर सवाल उठते हुए हार की ज़िम्मेदारी ली। धोनी का कहना था अच्छी शुरुआत के बावजूद उनकी टीम बड़ा स्कोर बनाने में चूक गई और उसके लिए वह खुद अपनी पारी को जिम्मेदार मानते हैं।

रोहित शर्मा की शानदार कप्तानी
इस मैच में अगर कोई हीरो रहा तो वह हैं रोहित शर्मा। रोहित को पता था कि उनके सामने कोई बड़ा स्कोर नहीं था। रोहित शानदार शुरुआत करते हुए मुंबई की पारी को आगे ले गए। रोहित ने मुंबई इंडियन्‍स को जीत तक पहुंचाया। रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों पर नाबाद 85 बनाए, जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल थे। रोहित ने शानदार कप्तानी भी की। रोहित ने अपने गेंदबाज़ों के हालात देखते हुए सही इस्तेमाल किया।   

हरभजन और रायडू के बीच क्या हुआ कि कप्तान रोहित शर्मा को बोलना पड़ा
मैच में हरभजन सिंह जब गेंदबाज़ी कर रहे थे तब अम्बाती रायडू की मिस फेल्डिंग की वजह से गेंद बाउंडरी लाइन के बाहर चली गई, तब हरभजन सिंह ने रायडू को देखते गुस्से में कुछ बोल दिया। इसके बाद रायडू को भी गुस्सा आ गया। दोनों खिलाडी एक-दूसरे की तरफ बढ़ते गए। ऐसा लग रहा था कि कुछ हो जायेगा... लेकिन हरभजन सिंह ने परिपक्वता दिखाते हुए रायडू को समझाया और दोनों अपनी-अपनी जगह वापस चले गए, लेकिन मैच ख़त्म हो जाने के बाद जब इसे लेकर रोहित शर्मा से सवाल पूछा गया तो रोहित का कहना था कि दोनों अभी ठीक हैं। यह सब मैच में होता रहता है। दोनों काफी सीनियर खिलाड़ी हैं। रोहित का यह भी कहना था कि यह सब आगे न हो इसको लेकर वह खिलाड़ियों को समझाएंगे।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
आईपीएल 2016, आईपीएल 9, पुणे सुपरजाइंट्स, मुंबई इंडियन्स, रोहित शर्मा, महेंद्र सिंह धोनी, IPL 2016, IPL 9, Pune Super Giants, Mumbai Indians, Rohit Sharma, MS Dhoni