विज्ञापन
This Article is From Jun 05, 2017

इंदौर के दशहरा मैदान में तेज बारिश से गिरा पंडाल, सीएम शिवराज और वेंकैया थे मौजूद

मुख्यमंत्री ने घोषणा की है, "घायलों के साथ हम सब खड़े हैं. घायलों का इलाज मध्‍य प्रदेश सरकार कराएगी. प्राकृतिक आपदा में प्रभु शक्ति की कृपा से सभी सकुशल हैं.''

घायल लोगों को शहर के यूनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है
इंदौर: इंदौर के दशहरा मैदान में तेज बारिश की वजह से पंडाल गिर गया. वहां उस कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, वेंकैया नायडू, मुख्यमंत्री शिवराज चौहान भी मौजूद थे. इस हादसे में करीब 15-20 लोग घायल हो गए. शहर के दशहरा मैदान पर चल रहे सीएम के कार्यक्रम में गिरे टेंट से घायल लोगों को यूनिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मुख्यमंत्री ने घोषणा की है, "घायलों के साथ हम सब खड़े हैं. घायलों का इलाज मध्‍य प्रदेश सरकार कराएगी. प्राकृतिक आपदा में प्रभु शक्ति की कृपा से सभी सकुशल हैं. डॉ. से बात हुई है, घायलों को ज्यादा चोट नहीं आई है, ईश्वर की कृपा से सभी सकुशल हैं. मैं स्वयं भी घटना स्थल पर तब तक रहा जब तक प्रत्येक भाई बहन सकुशल पंडाल से बाहर नहीं आ गए. अभी घायलों से मिलने के लिए हॉस्पिटल पहुंच कर सबके हाल चाल जाने.'

अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) अजय देव शर्मा ने बताया कि दशहरा मैदान पर आयोजित ‘प्रणाम इंदौर’ कार्यक्रम में पंडाल गिरने से घायल कम से कम 23 लोगों को नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. यह कार्यक्रम केंद्र के ‘स्वच्छता सर्वेक्षण 2017’ में इंदौर के देश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब पाने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था. उन्होंने बताया कि पंडाल गिरने से घायल लोगों में शामिल चार गंभीर मरीजों को अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती कराया गया, जिन्हें सिर और सीने में चोट आयी थी. इन मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है. चश्मदीद लोगों के मुताबिक भारी बारिश के दौरान अचानक पंडाल गिरने से कार्यक्रम में मौजूद सैकड़ों लोगों में भगदड़ मच गयी. इस दौरान पंडाल की बिजली भी गुल हो गयी. पंडाल में घुटने तक बारिश का पानी भर गया. घबराये लोग जैसे-तैसे पंडाल से बाहर निकले.

हादसे के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश देकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया.

(इनपुट भाषा से...)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indore, Tent Collapses, Shivraj Singh Chauhan, Venkaiah Naidu, Dussehra Maidan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com