विज्ञापन
This Article is From Jul 12, 2025

मोबाइल खोलेगा कई राज? पुलिस ने बरामद किया राधिका यादव का फोन

राधिका यादव हत्याकांड में उसे जानने वाले लोगों का मानना है कि राधिका की हत्या किसी और वजह से की गई है. उनका मानना है कि एकेडमी बंद करने को लेकर बेटी और पिता के बीच हुई कहासुनी इसकी वजह से नहीं हो सकती है.

राधिका यादव हत्याकांड में पुलिस की जांच अभी भी जारी है
नई दिल्ली:

राधिका यादव हत्याकांड को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है. इन सब के बीच पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने राधिका का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है. पुलिस ने इस फोन को अब जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भेजा है. सूत्रों के अनुसार फोन की जांच के बाद इस हत्याकांड में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं. इस फोन के खुलते ही इस हत्याकांड को लेकर पूछे जा रहे कई तरह के सवालों का जवाब भी मिल सकता है. पुलिस फिलहाल फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. इसके आधार पर इस मामले की जांच आगे बढ़ाने में और मदद मिलेगी. 

Latest and Breaking News on NDTV

NDTV से दीपक यादव के दोस्त ने खोले थे कई राज

NDTV ने शुक्रवार को इस मामले से जुड़ी अन्य कड़ियों को जानने के लिए ग्राउंड पर जाकर आरोपी पिता दीपक यादव और उनके परिवार को जानने वाले कुछ लोगों से बात की थी. इस दौरान एनडीटीवी ने दीपक यादव के करीबी दोस्त से बातचीत की थी. इस बातचीत के दौरान दीपक यादव के दोस्त ने बताया था कि दीपक यादव के पास पैसे की कोई कमी नही थी. उसके पास हर महीने लाखों रुपये का किराया आता है. दीपक यादव के पास महंगी-मंहगी गाड़ियां हैं, महंगी पिस्तौल है. उसे कभी पैसे की कोई किल्लत रही ही नहीं. दीपक यादव के दोस्त ने आगे बताया कि दीपक अपनी बेटी राधिका से बहुत प्यार करता था.अगर उसने अपनी बेटी की हत्या की है तो उसके पीछे की वजह टेनिस तो कतई नहीं हो सकता. 

गलत निकली ताना मारने वाली बात

दीपक यादव के दोस्त ने एनडीटीवी से कहा था कि दीपक ने पुलिस को बताया है कि उसे गांववाले ताना मारते थे. कहते थे कि वह बेटी की कमाई पर जिंदा है. लेकिन दीपक यादव का यह दावा सरासर गलत है. दीपक के दोस्त ने एनडीटीवी को बताया कि दीपक यादव गांव में रसूख वाले लोगों में से एक था.उसके पास पैसे की कोई कमी नहीं थी. ऐसे गांव वाले उसे ताना मारते हैं ऐसी कोई समझ से परे हैं. ये संभव ही नही है. 

बेटी का सोशल मीडिया पर वीडियो देख ट्रिगर हुआ था दीपक

एनडीटीवी की ग्राउंड रिपोर्ट में पता चला था कि दीपक यादव की बेटी राधिका का एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल हुआ था. गांव के लोगों का कहना है कि दीपक यादव को अपनी बेटी द्वारा वीडियो बनाना और उसे सोशल मीडिया पर डालना कभी भी पसंद नहीं था. बीते दिनों जब उसकी बेटी का एक और वीडियो सामने आया तो हो सकता है दीपक उस वीडियो को देखने के बाद अपना आपा खो बैठा हो. गांववालों और दीपक के करीबी दोस्तों से बातचीत के आधार ये लग रहा है कि इस मामले को लेकर अभी तक पुलिस जिस थ्योरी को सभी के सामने पेश कर रही है वो कहीं ना कहीं अब पलटते दिख रही है. गांव वालों का मानना है कि ये मामला कहीं से टेनिस एकेडमी के बंद करने को लेकर हत्या का नहीं लग रहा है. इस हत्या के पीछे की वजह कुछ और ही है. जिसे पुलिस को अब तलाशना होगा.

कैसे गायब हो गए राधिका के सोशल मीडिया एकाउंट्स 

इस हत्याकांड की जांच अब राधिका यादव के सोशल मीडिया अकाउंट्स तक भी पहुंची है. पुलिस सूत्रों के अनुसार राधिका की हत्या के बाद से ही उनके तमाम सोशल मीडिया अकाउंट्स गायब हैं. जबकि पहले ये अकाउंट्स काफी एक्टिव थे. राधिका इन अकाउंट्स पर लगातार पोस्ट भी करती थीं. पुलिस को शक है कि इन तमाम सोशल मीडिया अकाउंट्स को जानबूझकर किसी ने इनएक्टिव करवाया है. इन अकाउंट्स को किसने डिलीट करवाया है, इसकी भी अब जांच की जा रही है. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Radhika Yadav Case, Radhika Yadav Murder, Deepak Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com