वंदे मातरम के सभी छह छंद गाने को लेकर कई राज्यों में विवाद की स्थिति है. जम्मू-कश्मीर में तो कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस एक-दूसरे के आमने-सामने आ चुकी हैं.
असल में, हाल ही में श्रीनगर में फिल्म फेस्टिवल आयोजित हुआ था. उस कार्यक्रम में वंदे मातरम के छह छंद गाए गए थे. इसे लेकर कांग्रेस ने सवाल उठा दिए थे. के.सी. वेणुगोपाल ने तो सोशल मीडिया पर यहां तक कह दिया था कि नेशनल कॉन्फ्रेंस को भी कांग्रेस की रेजोल्यूशन का सम्मान करना चाहिए. लेकिन मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि क्या कांग्रेस ये चाहती है कि जम्मू-कश्मीर के लोग जेल में चले जाएं?
मुख्यमंत्री के उस बयान पर निशाना साधते हुए जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के लोगों की बात कब आ गई? हमारी उम्मीद सिर्फ और सिर्फ जम्मू-कश्मीर सरकार से है. जनता से इसका कोई लेना-देना नहीं है. और वैसे भी सरकार से उम्मीद की जा रही है कि वह वंदे मातरम के समय खड़ी रहे.
जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि केरल में किसी शख्स को कुछ हुआ, जब वहां की सरकार ने सिर्फ वंदे मातरम के दो ही छंद गाने का फैसला लिया. उनके मुताबिक केरल, कर्नाटक और तेलंगाना में भी वंदे मातरम के सिर्फ दो ही छंद गाए जा रहे हैं.
जानकारी के लिए बता दें, इसी साल की शुरुआत में केंद्र सरकार ने एक बिल लाकर वंदे मातरम के सभी छह छंद गाने को अनिवार्य कर दिया था. जोर देकर बोला गया था कि जो भी सरकारी कार्यक्रम होंगे, उसमें वंदे मातरम जरूर बजेगा. लेकिन कांग्रेस ने सरकार की बात मानने से साफ मना कर दिया था. उसके बाद से ही इस मुद्दे पर राजनीति शुरू हो गई और आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिला.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं