- PM मोदी ने दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित भजन क्लबिंग कार्यक्रम में युवाओं के बीच खंजरी बजाई.
- भजन क्लबिंग पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत और नाइट क्लब जैसी प्रस्तुति के साथ पहुंचाने का नया ट्रेंड है.
- कांग्रेस नेता प्रियंका खरगे ने PM मोदी के भजन क्लबिंग में शामिल होने पर सवाल उठाया, जिसपर BJP ने पलटवार किया
रंग-बिरंगी लाइट, नाइट क्लब जैसी वाइब जगाने वाली संगीत और उसके बीच से गूंजते स्वर- 'राम-राम जय राजा राम, राम-राम जय सीता राम... श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी हे नाथ नारायण वासुदेवा...'. पीएम मोदी शुक्रवार शाम दिल्ली में आयोजित जिस इवेंट में शामिल हुए, उसे भजन क्लबिंग कहा जाता है. इस दौरान वो युवाओं के बीच बैठ कर खंजरी बजाते और भजनों को गुनगुनाते नजर आए. यह आयोजन हुआ- दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' पर इस कार्यक्रम का वीडियो शेयर किया और कैप्शन में लिखा, "क्या इसे देखते हुए आपने अपने पैर थपथपाए?" पीएम मोदी के भजन क्लबिंग में शामिल होने का यह शायद पहला मौका है.
भजन क्लबिंग आखिर होता क्या है?
भारत में भजन-कीर्तन की परंपरा सालों पुरानी है. दरवाजे पर, मंदिर पर या किसी सार्वजनिक स्थान पर ढोल, नाल, हारमोनियम, झाल जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भजन गाया और सुना जाता है. लेकिन बीते कुछ सालों से भजन गायन की एक नई परंपरा बड़े शहरों में तेजी से बढ़ी है. इस नई परंपरा में पारंपरिक भजनों और कीर्तन को आधुनिक कॉन्सर्ट या नाइट-क्लब जैसी 'वाइब' और प्रोडक्शन के साथ प्रस्तुत किया जाता है.
'भजन क्लबिंग' युवाओं, खासकर जेन-जी के बीच तेजी से उभरता हुआ एक आध्यात्मिक ट्रेंड है. इसमें पारंपरिक भजनों और कीर्तनों को आधुनिक संगीत और अंदाज में पेश किया जाता है, ताकि युवा पीढ़ी भक्ति से जुड़ सके. यह कार्यक्रम पूरी तरह से सात्विक होता है. इसमें शराब या किसी नशीले पदार्थ का सेवन नहीं किया जाता है. भजनों को मॉडर्न म्यूजिक, जैसे टेक्नो बीट्स या गिटार की धुन के साथ पेश किया जाता है. यह युवाओं में तेजी से बढ़ रहा है. इसे समझने के लिए आप ये वीडियो देख सकते हैं.
शुक्रवार को दिल्ली में क्यों हुआ था भजन क्लबिंग का आयोजन
शुक्रवार को भारतीय जनसंघ के नेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के उपलक्ष्य में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. वहां से जो
वीडियो सामने आया उसमें देखा जा सकता है कि प्रधानमंत्री मंच के सामने दर्शकों के बीच बैठे हैं, जबकि मंच पर गायक और संगीतकार भक्ति गीत गा रहे हैं. पीएम मोदी पूरे भक्ति भाव में लीन होकर ताली बजाते नजर आ रहे हैं.
कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल- भजन क्लबिंग में शामिल होने के लिए समय, EC पर चुप्पी
पीएम मोदी के भजन क्लबिंग में शामिल होने पर कांग्रेस ने सवाल भी उठाया है. कांग्रेस नेता प्रियंक खरगे ने कहा कि पीएम मोदी के पास भजन क्लबिंग में शामिल होने का समय है. लेकिन चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों पर जवाब देने के लिए समय नहीं है.
प्रियंक खरगे ने एक्स पर लिखा- नरेंद्र मोदी के पास "भजन क्लबिंग" के लिए तो समय है, लेकिन चुनाव आयोग के जरिए लोकतंत्र को कुचले जाने जैसे गंभीर सवालों का जवाब देने के लिए उनके पास समय नहीं है. पिछले 13 सालों से एक ही पैटर्न देखने को मिल रहा है. जब सरकार के सामने मुश्किल सवाल आते हैं, तो प्रधानमंत्री उनका जवाब देने के लिए कभी मौजूद नहीं होते. जहां जश्न मनाने की बात होती है, वहां वे मौजूद रहते हैं. लेकिन जब जवाबदेही की बात आती है, तो वे खामोश रहते हैं.
PM @narendramodi has time for “Bhajan Clubbing”, but no time to answer serious questions about the clubbing of democracy through the Election Commission.
— Priyank Kharge / ಪ್ರಿಯಾಂಕ್ ಖರ್ಗೆ (@PriyankKharge) September 26, 2026
For 13 years, there has been a familiar pattern: when difficult questions confront the government, the Prime Minister is… https://t.co/eAHAu158dx
भाजपा का पलटवार- कांग्रेस ने भारत की सांस्कृतिक विरासत का उड़ाया मजाक
प्रियंक खरगे के बयान पर भाजपा की ओर से पलटवार भी किया गया है. भाजपा के प्रवक्ता सीआर केशवन ने लिखा- कांग्रेस ने एक बार फिर भारत की शानदार सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत भजन और भक्ति का मजाक उड़ाया है और उसका अपमान किया है. जूनियर खरगे से और क्या उम्मीद की जा सकती है, जिन्हें सिर्फ गांधी परिवार की तारीफ करने की आदत है?
क्या जूनियर खरगे में इतनी भी हिम्मत है कि वे कांग्रेस पार्टी की चुनावी हार के लिए राहुल गांधी की जवाबदेही पर बात कर सकें? क्योंकि राहुल गांधी की खराब लीडरशिप में कांग्रेस पार्टी लगातार 3 लोकसभा चुनाव हार चुकी है और उसे लगभग 100 विधानसभा चुनावों में बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा है.
यह भी पढे़ं - जेन जी का साथ और विचारधारा की बात; भजन क्लबिंग में ढपली बजाते दिखाते PM मोदी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं