- 17 राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इसमें दिल्ली-UP-बिहार सहित कई राज्य शामिल हैं.
- तमिलनाडु के 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है.
- मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है.
देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. मॉनसून अपने आखिरी दौर में हैं. इस बीच, आने वाले दिनों में दक्षिणी तटीय क्षेत्रों और द्वीप क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार, 20 अक्टूबर के लिए मौसम से जुड़ी यह चेतावनी जारी की है. IMD के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं मछुआरों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है. उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली समेत 17 सूबों में भारी बारिशी की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान हवा की गति भी काफी तेज होने की आशंका जताई गई है. वहीं, कुछ राज्यों में बर्फबारी को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है.
पड़ोसी राज्य केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की उम्मीद है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश हो सकती है, जबकि रायलसीमा और कर्नाटक के कुछ भीतरी इलाकों में 19 से 25 अक्टूबर के बीच तूफानी मौसम और तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है.
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, कर्नाटक, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, केरल, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, सिक्किम और ओडिशा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
दिल्ली में इस महीने सबसे कम तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार सुबह दिल्ली में इस महीने का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. सफदरजंग मौसम केंद्र में तापमान 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के औसत से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, शहर की एयर क्वालिटी 'मध्यम' (मॉडरेट) श्रेणी में बनी रही. पूर्वानुमान के मुताबिक, 21 अक्टूबर से इसके और खराब होकर 'खराब' (पुअर) स्तर तक पहुंचने की आशंका है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि 19 अक्टूबर को दिन का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. IMD के एक अधिकारी ने कहा, "शहर के मुख्य केंद्र, सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा. यह इस महीने अब तक दर्ज की गई सबसे ठंडी रात का तापमान है."
पूर्वी भारत में क्या हालात?
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, 19 अक्टूबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में, 19 से 22 अक्टूबर के बीच ओडिशा में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है.
मध्य और पश्चिमी इलाकों में आंधी-तूफान
दक्षिणी प्रायद्वीप के अलावा, ओडिशा, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है.
मछुआरों के लिए चेतावनी
IMD ने केरल, कर्नाटक के तटों और लक्षद्वीप क्षेत्र के लिए 22 से 24 अक्टूबर के बीच मछुआरों को चेतावनी जारी की है. इसके अलावा, 19 से 22 अक्टूबर 2026 के बीच दक्षिण-पश्चिम अरब सागर और उससे सटे समुद्री क्षेत्रों के लिए भी चेतावनी जारी की गई है.
तमिलनाडु में कैसा मौसम?
तमिलनाडु के राजस्व और आपदा प्रबंधन मंत्री के.ए. सेंगोट्टैयान ने बताया कि भारी बारिश से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है. छह जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है और अधिकारियों को इमरजेंसी के लिए तैयारी करने को कहा गया है.
चेन्नई के एझिलागम स्थित इमरजेंसी कंट्रोल सेंटर में पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने बताया कि तिरुवरुर, मयिलादुथुराई, तंजावुर, पुदुकोट्टई, कोयंबटूर और नीलगिरी जिलों को 'ऑरेंज अलर्ट' पर रखा गया है. उन्होंने आगे कहा कि जिला कलेक्टर और विभागीय अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
यह भी पढ़ें | कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में बढ़ेगी ठंड, तमिलनाडु-केरल समेत 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
यह भी पढ़ें | हिमालय पर पाया जाने वाला 'पदम', जो हमें कठिन परिस्थितियों में भी खिलना सिखाता है
यह भी पढ़ें | अक्टूबर के 15 दिन बारिश ने भिगोया, अब क्या सर्दी रुलाएगी, पहाड़ों में बर्फबारी से यूपी-दिल्ली तक गुलाबी ठंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं