- दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा
- उत्तर प्रदेश और बिहार में 20 अक्टूबर को मौसम शुष्क रहेगा और बारिश या कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है
- राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण बारिश और ओलावृष्टि हुई है, जिससे तापमान में गिरावट हुई
Kal Ka Mausam 20 October 2026: राजधानी दिल्ली समेत देशभर में मौसम ने करवट ले ली है. उत्तर भारत से मॉनसून की वापसी हो चुकी है. लेकिन वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से अभी भी कुछ राज्यों में बारिश हो रही है. वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में मॉनसून एक्टिव है और कई राज्यों में जमकर बारिश हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 20 अक्टूबर 2026 के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल 14 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट है. इसमें तमिलनाडु, केरल से लेकर ओडिशा तक शामिल है. जाानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-NCR में बदला मौसम, दिन में धूप रात में सताएगी ठंड
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदल गया है. अगले कुछ दिन राजधानी का आसमान साफ रहने वाला है. मौसम विभाग की मानें तो कल अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. वहीं, 21, 22 और 23 अक्टूबर को पारा चढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास बना रहेगा. 24 अक्टूबर तक अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है.
दिल्ली में तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जहां दिन में गर्मी का एहसास होगा. वहीं, रात के वक्त हल्की ठंड लोगों का सामना कराएगी.
लंबी छुट्टी के चलते दिल्ली के कई इलाकों में एक्यूआई में सुधार देखने को मिल रहा है. शहर के कई हिस्से ग्रीन और यलो जोन में बने हुए हैं. आंकड़ों पर नजर डालें तो बदरपुर में एक्यूआई 83 दर्ज किया गया है, जो ग्रीन जोन श्रेणी में आता है. इसके अलावा अशोक विहार में 104, आनंद विहार में 110, कैंटोनमेंट एरिया में 121, बुराड़ी में 123, आया नगर में 129, बुराड़ी क्रॉसिंग में 136, बवाना में 144 और अलीपुर में एक्यूआई 145 दर्ज किया गया है, जो यलो जोन श्रेणी में आते हैं.
यूपी-बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
यूपी और बिहार में भी मौसम का मिजाज बदल गया है. उत्तर प्रदेश की बात करें तो पूर्वी और पश्चिमी, दोनों ही क्षेत्रों में कल मौसम शुष्क रहेगा. किसी भी प्रकार की बारिश या चेतावनी जारी नहीं की गई है. यूपी में ठंड का अहसास होना शुरू हो गया है. वहीं कल बिहार में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है. बारिश का कोई अलर्ट नहीं है.
राजस्थान में बारिश के बाद बढ़ी ठंड
राजस्थान में पिछले दो दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. कई जिलों में बारिश और जयपुर व अजमेर में ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट आई है. मौसम विभाग ने कल भी कई जिलों में बारिश के आसार जताए हैं. वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से बारिश हो रही है. बादल छाए रहने और कम धूप निकलने के कारण कई इलाकों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा, वहीं ठंडी रातों ने ठंडक का एहसास कराया. अगले तीन से चार दिनों तक राजस्थान में शुष्क मौसम का पूर्वानुमान लगाया है. 22-23 अक्टूबर के आसपास एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में नए सिरे से बदलाव आ सकता है.
तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
देश के दक्षिणी हिस्सों में इन दिनों मॉनसून जमकर बरस रहा है. मौसम विभाग ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है. इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. आंध्र प्रदेश में भी अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई गई है. अगले तीन दिनों तक तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है.
MP के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश
मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. आज ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, रतनगढ़, श्योपुर कलां, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी और ओरछा जिलों के लिए चेतावनी जारी की है. इन इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और बारिश होने की संभावना है. कल भी इन जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है.
यह भी पढ़ें | कल का मौसम : बर्फबारी, ठंड और बारिश! देश के मौसम में बड़ा बदलाव, जानें क्या है IMD का नया अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं