Kal Ka Mausam 18 september 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. अब मॉनसून विदाई ले रहा है. ऐसे में फिर से गर्मी बढ़ना शुरू हो गई है. लेकिन अभी भी कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 18 सितंबर 2026 के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. IMD के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के करीब 20 राज्यों में बारिश का अलर्ट है. इसमें दिल्ली, यूपी, बिहार से लेकर मध्य प्रदेश और बंगाल तक शामिल है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-NCR में बारिश के आसार
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह हुई हल्की बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को बढ़ती गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई है. कल भी बारिश की संभावना है. कल तापमान 33 से 25 डिग्री के बीच रहेगा और आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कुछ जगहों पर हल्की बारिश के आसार हैं. 19 सितंबर को पारा 34 से 24 डिग्री तक पहुंच सकता है. 20 सितंबर से मौसम में और सुधार देखने को मिलेगा, जहां तापमान 35 डिग्री तक जा सकता है, लेकिन आसमान साफ रहेगा.
यूपी के कई जिलों में कल भी बारिश
उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है. अब धीरे-धीरे बारिश की गतिविधियां कम हो रही हैं और लोगों को फिर से गर्मी का अहसास हो रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में निचले क्षोभमंडल स्तर पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके प्रभाव से अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कल अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है.
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में बारिश के आसार हैं. IMD का कहना है कि कल बिहार में 17-23 सितंबर के दौरान बारिश की संभावना बताई गई है. विशेष रूप से कल राज्य में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इसके साथ ही आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है.
राजस्थान में कल भी बारिश
राजस्थान में मॉनसून की विदाई होने वाली है. इस हफ्ते से मॉनसून की विदाई शुरू हो सकती है. लेकिन कल भी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि कल राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं. इसके बाद बारिश की गतिविधियां कम होगी.
तमिलनाडु के कई जिलों में बारिश का अलर्ट
तमिलनाडु के कई जिलों में कल बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग के अनुसार कल नीलगिरि और कोयंबटूर जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है. वहीं शनिवार को उत्तरी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधि तेज होने की आशंका है, जिसमें तिरुवल्लूर, वेल्लोर, रानीपेट, तिरुपत्तूर, तिरुवनमलाई, सलेम, धर्मपुरी और कृष्णागिरी सहित 11 जिलों में भारी बारिश हो सकती है. रविवार को भारी बारिश पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हो सकती है.
मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश
IMD के डेली बुलेटिन के अनुसार मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में कल बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में बड़े इलाके में बारिश के साथ आंधी-तूफ़ान और बिजली गिरने की संभावना है.
छत्तीसगढ़ में भी बारिश के आसार
छत्तीसगढ़ में कल भी बारिश का दौर जारी रहेगा. यहां काफी बड़े इलाके में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है, जो अगले कुछ दिनों (18-23 सितंबर) तक जारी रह सकती है.
इन राज्यों में भी बारिश
- भारी बारिश: बिहार, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, ओडिशा
- मध्यम या व्यापक बारिश: मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, गोवा, गुजरात
- हल्की बारिश: हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR से जम्मू तक मौसम बदला, सुबह तड़के बारिश और गरज-चमक; IMD ने जारी किया अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं