Kal Ka Mausam 2 September 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में बारिश का दौर जारी है. मॉनसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है. लेकिन फिर भी कई राज्यों में बारिश हो रही है. बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया की वजह से पूर्वी राज्यों से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक मौसम फिर बदलने वाला है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 2 सितंबर के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश की संभावना है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-एनसीआर में कल बारिश
दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मौसम विभाग ने कल दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना जताई है. बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट आएगी. कल अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं 3 सितंबर को भी सामान्य रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश
मौसम विभाग ने कल उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश के आसार जताए हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश के काफी बड़े इलाके में बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और भारी बारिश की भी चेतावनी है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है. कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है.
बिहार में भी बारिश
बिहार में भी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के अनुसार कल बिहार में बड़े पैमाने पर बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

कोलकाता समेत बंगाल के कई जिलों में भारी बारिश
पश्चिम बंगाल के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया की वजह से कोलकाता समेत कई जिलों में भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने कल भी पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में कुछ जगह भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है. आईएमडी ने बताया कि पश्चिम बंगाल, इससे सटे उत्तर तटीय ओडिशा और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना स्पष्ट कम दबाव वाला क्षेत्र अभी भी उसी स्थान पर बना हुआ है, जिसके कारण सोमवार रात से भारी बारिश हो रही है. मौसम विभाग ने बताया कि यह कम दबाव वाला क्षेत्र बुधवार सुबह तक पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है. इसकी वजह से कल दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी बारिश का अनुमान जताया है.
झारखंड में भारी बारिश
झारखंड में पिछले पांच दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में जनजीवन की रफ्तार रोक दी है. नदियां उफान पर हैं, पुल-पुलिया ध्वस्त हो रहे हैं और कई प्रमुख सड़कें पानी में डूब गई हैं. साहिबगंज, लातेहार, गढ़वा, पलामू, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. इस बीच मौसम विभाग ने कल भी राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार कल गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में बारिश के आसार हैं.
उत्तराखंड में भी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. मौसम विभाग ने कल भी उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ तूफान आने का पूर्वानुमान लगाया है. देहरादून और टिहरी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. पौड़ी गढ़वाल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और हरिद्वार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है. IMD ने कल उमरिया, बालाघाट, सतना, रीवा, पन्ना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, कटनी, शहडोल, अनुपपुर, डिंडोरी, जबलपुर, मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है. बारिश यह मौसम प्रणाली 4 सितंबर तक मध्य प्रदेश में सक्रिय रहने की संभावना है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
भारी से बहुत भारी बारिश: छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल
भारी बारिश: बिहार, सिक्किम, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा.
यह भी पढ़ें: मॉनसून सितंबर में जाते-जाते जमकर भिगोएगा, यूपी-दिल्ली से उत्तराखंड तक कहां बारिश, कहां रहेगा सूखा, पढ़ें IMD अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं