Kal Ka Mausam 1 September 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो गया है. इससे जुड़ा वेदर सिस्टम समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है. इस सिस्टम के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की उम्मीद है, जबकि एक सक्रिय मॉनसून ट्रफ अभी पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैला हुआ है. अगले कुछ दिनों तक राज्य भर में रुक-रुक कर बारिश जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार कल यानी 1 सितंबर को देशभर के 11 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. वहीं 6 सितंबर तक कुल 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-NCR में कल बारिश के आसार
मॉनसून की विदाई का दौर शुरू होने के साथ ही एक बार फिर एनसीआर के मौसम का मिजाज बदलता दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में आज और कल बारिश होने की संभावना है. इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. मौसम में बदलाव का सीधा असर अधिकतम तापमान पर देखने को मिलेगा और आने वाले दिनों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है. कल अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आसमान सामान्य रूप से बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है.
यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार कल उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी कल बारिश के आसार हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश में कल अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. आंधी-तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है. कुछ स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली गिर सकती है.

सिंतबर महीने में कैसा मौसम रहेगा?
Photo Credit: IMD
बिहार में भारी बारिश
बिहार में भी बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान 1 सितंबर को अधिकांश स्थानों पर व्यापक वर्षा की संभावना है. राज्य में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिसके झोंकों की गति 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है.
बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल के पांच जिलों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की आशंका जताई है. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र मजबूत हो रहा है, जिसकी वजह से बारिश की एक्टिविटी बढ़ेगी. IMD ने पश्चिमी बर्दवान और बीरभूम जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं आंधी-तूफान का पूर्वानुमान है. इस दौरान कोलकाता में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बुधवार से बारिश की तीव्रता कम होने की उम्मीद है, और उसके बाद दक्षिण बंगाल के लिए मौसम संबंधी कोई चेतावनी नहीं है. दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में बुधवार तक भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में गुरुवार को भी बारिश का अलर्ट रहेगा. उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
भारी से बहुत भारी बारिश: ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा
मध्यम से भारी बारिश: हिमाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, जम्मू-कश्मीर.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में कब होगी बारिश? यूपी-MP में अलर्ट बढ़ रहा परेशानी, IMD का अपडेट, 18 राज्यों में भारी बरसात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं