विज्ञापन

कल का मौसम: तमिलनाडु-केरल में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड; पढ़ें पूरा अपडेट

कल का मौसम, 8 नवंबर 2026: IMD के अनुसार आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल सकता है. दक्षिण भारत के तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का खतरा बना हुआ है.

कल का मौसम: तमिलनाडु-केरल में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड; पढ़ें पूरा अपडेट
कल का मौसम
NDTV
  • अगले कुछ दिनों में दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं के साथ मौसम में तेजी से बदलाव होगा.
  • तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आठ से दस नवंबर के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
  • पहाड़ी इलाकों में 10 से 13 नवंबर के बीच बारिश, ठंडी हवाएं और जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी का अनुमान है.

Kal Ka Mausam 8 November 2026: देश के अलग-अलग हिस्सों में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है. IMD ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में सक्रिय चक्रवात का असर देखने को मिलेगा, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम में बदलाव का कारण बनेगा.

गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी

दक्षिण भारत में अगले चार दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 8 से 10 नवंबर के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है. पिछले 24 घंटों में भी तमिलनाडु के विभिन्न हिस्सों में 7 से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई है. वहीं, केरल और माहे में 7 और 8 नवंबर को गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में भी 7 से 9 नवंबर के दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कई क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने का भी अनुमान है.

मौसम विभाग ने समुद्री इलाकों के लिए भी विशेष चेतावनी जारी की है. लक्षद्वीप और उससे सटे समुद्री क्षेत्रों में तेज हवाओं और खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. प्रशासन से भी सतर्कता बरतने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है.
 भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना

उधर, उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में 10 नवंबर से सक्रिय होने वाला पश्चिमी विक्षोभ मौसम को प्रभावित करेगा. इसके असर से 12 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 10 से 13 नवंबर के बीच बारिश और ठंडी हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. वहीं, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और चंडीगढ़ में 11 से 13 नवंबर के दौरान हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं.

दिल्ली और एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम? 

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है. अगले कुछ दिनों तक हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है. मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 10 नवंबर के बाद ठंड में और बढ़ोतरी होने की संभावना है.

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 369 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब' श्रेणी में आता है. दिवाली की पूर्व संध्या पर शहर धूम कोहरा की आगोश में लिपटा रहा और दृश्यता कम हो गई. पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार को हवा की गुणवत्ता ‘गंभीर' श्रेणी में पहुंच सकती है. दिवाली के जश्न, वाहनों से निकलने वाले धुएं और पराली जलाने के चरम मौसम के कारण प्रदूषण बढ़ने की आशंका है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kal Ka Mausam, Weather Forecast
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com